रेहटी - ( बलराम सिसोदिया ) -  नगर की बढ़ती आबादी के साथ स्थानीय लोगों द्वारा मकान किराये पर चलाने का प्रचलन बढ़ता जा रहा है, जिससे मकान मालिक मुनाफा तो कमाते हैं, लेकिन बिना आईडी वेरीफिकेशन के कारण कहीं न कहीं नगर की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लग रहा है। इस ओर पुलिस प्रशासन के साथ मकान मालिकों को भी इसके लिए गंभीर होना चाहिए। जिससे नगर की सुरक्षा को खतरा पैदा नहीं होगा। साथ ही नगर में जितने भी मकान किराये से चल रहे हैं, उन पर नगर परिषद को व्यावसायिक कर लगाना चाहिए। जिससे नगर परिषद की आय में बढ़ोत्तरी होगी। 

नगर में सेकड़ो की संख्या में बाहर से आकर किरायेदार रह रहे हैं, जिनमें यूपी, बिहार, बंगाल एवं मध्यप्रदेश के दूसरे जिले से आए लोग सहित अन्य प्रांतों के लोग बिना जानकारी दिए रह रहे हैं। इनमें से बहुत से किरायेदारों के संबंध में पूरी जानकारी खुद मकान मालिक को नहीं रहती है। जिससे कई बार खुद मकान मालिक को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पुलिस प्रशासन और नगर परिषद संयुक्त रूप से यदि किरायेदारों की जानकारी एकत्रित कर ले तो बाहरी लोगों की विस्तृत जानकारी दोनों ही विभाग के पास उपलब्ध हो जाएगी। किराये से चलाने वाले मकान मालिकों को यह अनिवार्य कर देना चाहिए, कि जो भी किरायेदार को वह मकान किराये से दे पहले उसका वेरीफिकेशन पुलिस थाने में हो। ऐसा न होने पर किरायेदार के साथ मकान मालिक पर भी कार्रवाई पुलिस को करनी चाहिए। वहीं नगर परिषद को किराये पर चलने वालों मकानों से व्यवसायिक राजस्व लेना चाहिए। जिससे नगर परिषद की आय में वृद्धि होगी।

अगर पुलिस प्रशासन किरायेदारों का वेरीफिकेशन कड़ाई से कराये तो नगर में पनपने वाले हर एक अनजान खतरे को टाला जा सकता है। क्योंकि जब कोई घटना घट जाती है तो आरोपी की तलाश करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ती है और फिर उन्हें पता चलता है कि यह व्यक्ति इसके मकान में रहता था और यह इस प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस प्रशासन वेरीफिकेशन में कड़ाई बरतेगा और इसके लिए मकान मालिक को जागरूक करेगा, तो इससे अपराधियों को पकड़ने में मदद मलेगी।

बात कुछ दिन पहले की है पहले रेहटी में एक व्यक्ति ने किराए से मकान लिया था और मकान मालिक की 12 बर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया और पुलिस की सतर्कता के कारण आरोपी कुछ घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया गया यदि पुलिस ऐसी ही सतर्कता किराए के मकान में रे रहे लोगों की जानकारी जुटाने में दिखाए तो नगर भी सुरक्षित हो जाएगा और नागरिक भी अपने आप को सुरक्षित महसूस करेंगे ।

रजनीकांत दुबे थाना प्रभारी रेहटी का कहना है कि किराऐ से जो मकान मलिक मकान दे रहे उन्हें किराऐदार की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है । शीघ्र ही ऐसे मकान मालिकों  पर कारवाई होगी ।