लंका पर विजय प्राप्त  करने के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के अयोध्या लौटने पर हर्षित लोगों ने कैसी खुशी मनाई होगी, त्रेता युग की उस घटना को बताने वाला कोई जीव इस धरती पर नहीं है, लेकिन उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अबकी बार अयोध्या में ऐसी दीपावली का आयोजन करने जा रही है कि देखने वालों की आंखें आश्चर्य से भरी रह जाएगी. लोगों को ऐसा अनुभव कराने की तैयारी है कि लगे 14 वर्षों के वनवास के बाद भगवान राम के अयोध्या लौटने पर उस वक्त इसी तरह खुशियां मनाई गई थी. सरकार की तैयारी है कि इसे इतना भव्य स्वरूप दिया जाए कि निकट भविष्य में इसे पर्यटन के साथ जोड़ा जा सके. इसके राजनैतिक निहितार्थ भी हैं l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छोटी दिवाली के अवसर पर 18 अक्टूबर को राम जन्मभूमि में रहेंगे. उस समय सीएम के साथ प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक समेत कई मंत्री भी होंगे. सीएम योगी की यह दिवाली कुछ खास होगी. 18 अक्टूबर की शाम सरयू तट को एक लाख ग्यारह हजार दीयों से वैसे ही रोशन किया जाएगा, जैसे वनवास से लौटने पर अयोध्यावासियों ने भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का दीया जलाकर स्वागत किया था l 
अयोध्या में सीएम योगी का कार्यक्रम प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के मद्देनजर भी बहुत अहम है l अयोध्या में हनुमानगढ़ी, कनक भवन समेत भगवान राम से जुड़े सभी पौराणिक स्थलों को रोशन किया जाएगा. इसके अलावा यहां राम कथा से जुड़े कई रंगारंग नृत्य नाटिकाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. योगी के कार्यक्रम को मनमोहक और सफल बनाने के लिए प्रदेश के साधु-संतों और महंतों का भी सहारा लिया जा रहा है l