होशंगाबाद - पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा यात्रा सोमवार देर शाम नरसिंहपुर जिले के अंतिम पड़ाव भटेरा पहुंची। मंगलवार को सिंह नर्मदा परिक्रमा करते हुए होशंगाबाद जिले में प्रवेश कर जाएंगे। परिक्रमा के तीसरे दिन की शुरुआत बिछुआ घाट से हुई। सिंह व सहयात्रियों ने महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि- इस यात्रा के दौरान वर्तमान सरकार की कई अव्यवस्थाएं उजागर होकर सामने आ रही हैं। ग्रामवासी स्वयं आकर परेशानियां बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान उन्हें कई जगह अवैध रेत के भंडारण देखने को भी मिले, जबकि मेरे कार्यकाल में रेत खनन का अधिकार ग्राम पंचायतों को दिया गया था।