राजगढ़ | 23-मार्च-2017 कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे ने जिले के स्वास्थ्य विभाग के समस्त अमले से अपील की है कि हम सब मिलजुलकर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं। कमियां दूर करें, संवदेनशील रहे और जिम्मेदार बनें। उन्होंने यह बात जिला कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कही। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस. गुप्ता, सिविल सर्जन सह अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. एस. यदु सहित जिले के समस्त विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में अभी हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सभी सीख लें। ऐसी घटनाएं पुनः नहीं हों। यह सभी सुनिश्चित करें। अत्यावश्यक उपकरणों, सुविधाओं और संसाधनों की कमियों से समय-समय पर जिला प्रशासन को अवगत कराएं। संस्था में साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयास सतत होने चाहिए।