राजगढ़ | 20-मार्च-2017 जिले में कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा प्रारंभ नवाचार “ ई-निरीक्षण “ के तहत बनानिया, फूलखेडी, सरेडी और हिरण खेडी के पंचायत सचिवों को आकस्मिक रूप से एसएमएस कर जिला कार्यालय बुलाकर उनकी विभिन्न पंजियों का निरीक्षण किया गया। आम्बा सचिव को एसएमएस नहीं मिल पाने के कारण वह नहीं आ सके। पंचायत सचिवों द्वारा कलेक्टर के समक्ष उपस्थिति दर्ज कराते ही उन्होंने सबसे पहले पूछा कि वह कैसे और किस साधन से आए हैं ? तो उक्त सभी के द्वारा मोटरसायकिल से आना बताया जाने पर श्री पिथोडे ने कहा कि उनका हेलमेट कहां है तो उन्होंने बिना हेलमेट के आना बताया। उन्होंने इसे अपने जीवन से खिलवाड करने और परिवार को परेशानियों में डालने की गलत आदत बताते हुए भविष्य में बिना हेलमेट के मोटरसायकिल नही चलाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने पंचायत सचिवों को समझाईस दी कि रिकार्डो का निरीक्षण केवल कमियों को दूर करना है और आमजनों को शासन की मंशानुसार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने पंचायत सचिवों द्वारा पंजियों के अपूर्ण संधारित होंने के मद्येनजर असंतुष्टी व्यक्त की तथा निर्देशित किया कि पंचायत सचिव अपने पंचायत की समस्त पंजियों का व्यवस्थित संधारण एवं सुरक्षिम रख-रखाव करें। निरीक्षण के दौरा अपूर्ण पंजियां पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रति सोमवार पांच सचिवों की पंजियों का निरीक्षण किया जाएगा। उन्हें दो दिन पूर्व एसएमएस किया जाएगा। वे भागमभाग में नहीं आएं। सुरक्षित चलें ताकि उनका अमूल्य जीवन किसी खतरे में नहीं पडे। उल्लेखनीय है कि श्री पिथोडे द्वारा जिले में पहले से ही ई-निरीक्षण के तहत स्कूल शिक्षा, आंगनवाडी केन्द्र,स्वास्थ्य और राजस्व विभाग के मैदानी अमले की कार्यप्रणाली और संधारित पंजियों के पर्यवेक्षण हेतु आकस्मिक निरीक्षण किए और विभिन्न शासकीय सेवकों से कराए जाते है। इसी क्रम में आज पांचवा विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास को जोडा गया है। उन्होंने बताया कि अब अगली कडी में कृषि, आपूर्ति और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय सहित अन्य विभागों में भी ई-निरीक्षण व्यवस्था प्रभावशील की जाएगी।