ग्वालियर | 16-मार्च-2017 कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा है कि हरसी कमाण्ड क्षेत्र की भूमि के रजिस्ट्री शुल्क में इस वर्ष कोई बढ़ोत्तरी नहीं की जाए। इसके साथ ही सम्पूर्ण हरसी कमाण्ड क्षेत्र को सिंचित क्षेत्र ही माना जाए। उन्होंने यह निर्देश भूमि गाइडलाईन निर्धारण समिति की बैठक के दौरान दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, आयुक्त नगर निगम श्री अनय द्विवेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ग्वालियर विकास प्राधिकरण श्री सुरेश शर्मा, संयुक्त संचालक नगर ग्राम निवेश श्री व्ही के शर्मा, उपायुक्त मध्यप्रदेश गृह निर्माण मण्डल, जिला पंजीयक सहित सभी एसडीएम व विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। डॉ. गोयल ने कहा कि भूमि के मूल्यों का निर्धारण बाजार मूल्य के समीप निर्धारित किया जाए। इसके लिये उप मूल्यांकन समिति जिले के सभी क्षेत्रों का गंभीरता के साथ अध्ययन कर ही दरें प्रस्तावित करें। उन्होंने जिला पंजीयक को सभी क्षेत्रों की गाइडलाईन के संबंध में स्पष्ट मत प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। गाइडलाईन के अंतिम निर्धारण के लिये पुन: समीक्षा बैठक आयोजित की जायेगी।