राजगढ़ | 15-मार्च-2017 मध्यप्रदेश में स्वरोजगार एवं उद्यमिता कौशल को बढावा देने के उद्देश्य से म.प्र. राज्य कौशल विकास मिशन अंतर्गत ‘‘उद्यमिता विकास सेल‘‘ स्थापित किया गया है। उद्यमिता विकास सेल का उद्देश्य स्टार्टअप में इच्छुक कुशल युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक कर स्वयं के व्यवसाय के लिए प्रेरित करते हुए उनका मार्गदर्शन एवं व्यवसाय स्थापित कराने में सहायता करना है। इसी क्रम में आई.टी.आई. राजगढ द्वारा जिले में आई.टी.आई. प्रशिक्षित छात्रों के लिए तीन दिवसीय उद्यमिता उन्मुखीकरण कार्यक्रम 21 मार्च से 23 मार्च‘17 तक आयोजित किया जाएगा। ऐसे आई.टी.आई. प्रशिक्षित छात्र जो स्वयं का अपना व्यवसाय प्रारंभ करना चाहते हैं, वे इस कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। आयोजित होने वाले इस निःशुल्क कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शासकीय आई.टी.आई. की कार्यक्रम समन्वयक कु. स्वाति गुप्ता से 7566875754 अथवा 8871047897 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में सफल उद्यमी कैसे बने? स्वरोजगार के अवसर, शासकीय योजनाओं, ऋण प्रक्रिया में मार्गदर्शन आदि की जानकारी भी दी जाएगी। उद्यमिता उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लेने हेतु ऐसे उद्यमी जिन्होंने आई.टी.आई पास की हो, व्यवसाय के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा में वर्ष 2017 में सम्मिलित होने वाले हों, एस.डी.सी. परीक्षा में शामिल हुए है और परिणाम आना शेष हो, ऐसे उद्यमी अपने साथ शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी योग्यता, आधार कार्ड, आई.टी.आई. का पंजीयन क्रमांक, ईमेल आईडी एवं नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ में लाना अनिवार्य है।