भोपाल | 14-मार्च-2017 21 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय वानिकी दिवस एवं 22 मार्च को विश्व जल दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे । इसी क्रम में 19 मार्च को “जल-जंगल-नर्मदा-भोपाल” थीम पर आधारित जागरूकता रैली तो आयोजित की ही जायेगी साथ ही इस अवसर पर टी.टी.नगर स्टेडियम में निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की जायेगी । आगामी 21 एवं 22 मार्च को विश्व वानिकी एवं विश्व जल दिवस के अवसर पर आरसीव्हीपी प्रशासन अकादमी भोपाल में कार्यशाला का आयोजन भी किया गया है । इन कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में स्थानीय टी.टी.नगर स्टेडियम के सभाकक्ष में आज शाम बैठक आयोजित की गई । बैठक में मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री आर.श्रीनिवास मूर्ति, कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े, अपर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, बोर्ड के प्रशासक श्री अभिलाष दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे । बैठक में बताया गया कि 19 मार्च को प्रात: 7:30 बजे से स्थानीय टी.टी.नगर स्टेडियम से जागरूकता रैली रवाना होगी जो कि स्टेडियम से टीनशेड-एपेक्स बैंक-अंकुर स्कूल से 1250 होते हुए वापस स्टेडियम पर आकर सम्पन्न होगी । कलेक्टर श्री वरवड़े ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए । उन्होंने अपर आयुक्त नगर निगम को कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व साफ सफाई व्यवस्था के लिए तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बूलेंस मय डाक्टर्स के तैनात करने तथा एक अन्य एम्बूलेंस रैली के साथ रखने की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया । उन्होंने उपायुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग को विद्यार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने तथा वापस छोड़ने के लिए व्यवस्था के निर्देश दिए । इसके लिए बसों की व्यवस्था के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दायित्व सौंपा गया । कलेक्टर श्री वरवड़े ने रैली संबंधी व्यवस्थाओं के लिए एसडीएम श्री अतुल सिंह, उपायुक्त आदिम जाति सुश्री सीमा सोनी तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है । अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री मूर्ति ने बैठक में बताया कि इस रैली में महाविद्यालयों तथा इंजीनियरिंग कालेज के विद्यार्थियों के साथ साथ स्वयंसेवी संगठनों की भी भागीदारी होगी ।
भोपाल जल-जंगल-नर्मदा-भोपाल” जागरूकता रैली 19 मार्च को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर आयोजित होंगे कार्यक्रम