अलिराजपुर | 14-मार्च-2017 कलेक्टर श्री गणेशं शंकर मिश्रा ने मंगलवार को यहां कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जनसुनवाई की। इस जनसुनवाई में 8 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। कट्ठीवाड़ा तहसील के ग्राम छोटी सर्दी की झेतरी बाई ने पति की आकस्मिक मृत्यु हो जाने पर राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदाय करने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने उनकी समस्या सहानुभूति पूर्वक सुनी और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से अन्त्येष्टी राहत योजना के अंतर्गत 5 हजार रूपये की राहत राशि तत्काल उपलब्ध कराई। इसके अलावा इस महिला को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया। इसी प्रकार सोण्डवा तहसील के ग्राम राक्सला के जैराम ने उनके पुत्र की आकस्मिक रूप से मृत्यु हो जाने से आकस्मिक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलवाने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इनके पुत्र की मृत्यु के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और अंत्योष्टि राहत योजना के अंतर्गत अंत्योष्टि के लिए 5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से तत्काल उपल्बध कराई। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ दिलाने के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया। किला जोबट पुजारा फलिया की गमति ने उनकी जमीन व सम्पत्ति हडपने के लिए फर्जी रजिस्ट्रियां की गई है संबंधितों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने का अनुरोध किया है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जोबट को निर्देश दिए कि वे संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार कडी कार्यवाही करे। कट्ठीवाड़ा तहसील के ग्राम सयड़ा की धनकी ने अवगत कराया कि उनकी कृषि भूमि पर गांव के अन्य व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है और वह दूसरे व्यक्तियों को भूमि जोतने के लिए बीना सहमति से दे रहा है इसलिए इस जमीन का कब्जा दिलवाया जावे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कट्ठीवाडा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देश दिए कि वे इस महिला को कृषि भूमि का कब्जा तत्काल दिलवाए। ग्राम चमार बेगडा के शंकर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिए कि इस समस्या का निराकरण शीघ्र करे। अलीराजपुर के सलीम शाह एवं अन्य व्यक्तियों ने अनुरोध किया कि बिना अनुमति के गैरेज निर्माण किया गया है इसे हटवाया जावे। जिला कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस अवैध निर्माण को तत्काल हटाया जावे। छोटी बेगल गांव के जगनिया ने कृषि भूमि का बटवारा करने का अनुरोध किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने तहसीलदार सोण्डवा को निर्देश दिए कि वे इस समस्या का शीघ्र निराकरण करे। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री काशीराम बडौले ,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।