आगर-मालवा | 14-मार्च-2017 डिप्टी कलेक्टर श्री के.एल.यादव ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई की। जनसुनवाई 45 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्री के.एस.पेन्ड्रो, तहसीलदार श्री नित्यानंद पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। आवेदक देवीसिंह पिता कालूसिंह निवासी देहरिया तहसील बड़ौद ने आवेदन दिया कि उसके पिता की पेड़ से गिरने के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस हेतु आर्थिक सहायता दिलवाने का अनुरोध किया। आवेदक खालीद खां निवासी सामगीमाना तहसील आगर ने आवेदन दिया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत आवास स्वीकृत हुआ है तथा आवास निर्माण के स्वीकृत राशि से निर्माण सामग्री भी क्रय कर ली गई है। अनावेदक द्वारा आवास निर्माण नहीं करने दिया जा रहा है। आवास निर्माण करवाया जाए। आवेदक विष्णु गिरी पिता नारायण निवासी खोरिया तहसील सुसनेर ने आवेदन दिया कि उसका पुत्र विकलांग है। जिसे शासन की योजनान्तर्गत विकलांग पेंशन मिलती थी, वह बंद हो गई है। विकलांग पेंशन चालु करवाई जाए। आवेदक बंशीलाल पिता कुंवरलाल निवासी ग्राम पचलाना तहसील नलखेड़ा ने आवेदन दिया कि उसकी भूमि सर्वे नम्बर 786 रकबा 0.05 पर आने-जाने के रास्ते को अनावेदकगण द्वारा कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया है। जिससे कृषि कार्य में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता खुलवाने का अनुरोध किया। आवेदिका मरियम बेबी पति इश्तियाक खां निवासी आगर ने आवेदन दिया कि उसे शासन की विधवा पेंशन योजनान्तर्गत पेंशन मिलती है, जो पिछले 8 माह से नहीं मिल रही है। विधवा पेंशन दिलवाने का अनुरोध किया। आवेदिका मनिषा निवासी आगर ने आवेदन दिया कि उसका चयन आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर हुआ था। लेकिन सहायिका पद पर अभी तक नियुक्ति नहीं दी गई है। सहायिका पद पर नियुक्ति दिलवाएं। आवेदक गंगाराम पिता नाथुसिंह निवासी अहिरबर्डिया ने आवेदन दिया कि उसके द्वारा कुएं का बिजली बिल जमा करने के बावजूद भी विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा विद्युत कनेक्शन काटा गया है। विद्युत कनेक्शन के अभाव में सिंचाई कार्य में परेशानी हो रही है। विद्युत कनेक्शन जुड़वाया जाए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाने से संबंधित आवेदन आवेदकों द्वारा प्रस्तुत किये गए जिन्हें डिप्टी कलेक्टर श्री के.एल.यादव ने संबंधित विभाग को भेजकर आवेदन का समयसीमा में निराकृत करने हेतु निर्देशित किया।