राजगढ़ | 28-फरवरी-2017 प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत ऐसे हितग्राही जिनका नाम अभी सूची में शामिल नहीं है वह चिन्तित नहीं हों। सभी पात्र हितग्राही जो भूमिहीन है और उनके कच्चे आवास है, को योजनान्तर्गत आवास मिलेंगे। उनका नाम अगली सूची में शामिल हो सकता है। यह बात यहां जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान बडी संख्या में प्रधानमंत्री आवास के लिए आए आवेदकों को समझाईस देते हुए कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे ने कही। उन्होंने आवेदकों से कहा कि वह अपनी बारी का इंतजार करें। अनावश्यक परेशान न हों। किसी के बहकावें में नहीं आएं और शोषित नहीं हों। इस दौरान उन्होंने 280 आवेदकों से समक्ष में चर्चा की और उनके आवेदनों का निराकरण किया। इसके पूर्व उन्होंने दूरभाष पर एक घंटे टेली जनसुनवाई की। इस दौरान 15 फोनकर्ता ने फोन पर कलेक्टर श्री पिथोडे से सीधे बात कर अपनी-अपनी समस्याओं का निराकरण कराया गया। जनसुनवाई के दौरान सारंगपुर के बुजुर्ग श्री मदनलाल ने रो-रोकर बताया कि उसका एक ही पुत्र है। वह शराबी है और आए दिन मारपीट करता है। और जो भी रूपये-पैसे उसके पास रहता है छीन लेता है। उसका पुत्र उसकी 4 बीघा जमीन भी छीन लेना चाहता है। मदनलाल की व्यथा सुनकर कलेक्टर श्री पिथोडे द्वारा एस.डी.एम. सारंगपुर को भरण-पोषण अधिनियम अंतर्गत तत्काल प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास की सूचीजिला कार्यालय के कियोस्क पर प्रति मंगलवार होगी प्रदर्शित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन को प्रधानमंत्री आवास के चयनित हितग्राहियों की सूची प्रबंधक ई-गवर्नेन्स को उपलब्ध कराए जाने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रबंधक ई-गवर्नेन्स जिला कार्यालय की स्थिति कियोस्क मशीन पर उक्त सूची प्रति मंगलवार अनिवार्यतः प्रदर्शित कराया जाना सुनिश्चित करें।