ग्वालियर | 25-फरवरी-2017 प्रदेश में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के बच्चों के हृदय में परेशानी होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना अनेकों पीड़ित परिवारों के लिये वरदान साबित हुई है। ग्वालियर संभाग में योजना के तहत 365 बच्चों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर परिवार में खुशियाँ लौटी हैं। संभागीय आयुक्त श्री एस एन रूपला ने गत दिवस संभाग में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत माह अप्रैल 2016 से फरवरी 2017 तक संभाग में 365 बच्चों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया है। संभागीय समिति द्वारा 438 प्रकरणों में स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत प्रकरणों में 365 प्रकरणों में ऑपरेशन किया जा चुका है। शेष 73 प्रकरणों में ऑपरेशन किया जाना है। संभाग में ग्वालियर जिले में सबसे अधिक 132 ऑपरेशन किए गए हैं। गुना जिले में 111, शिवपुरी में 29, दतिया में 58 तथा अशोकनगर जिले में 35 बच्चों के ऑपरेशन किए गए हैं। मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना अंतर्गत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के पीड़ित बच्चों के उपचार/ऑपरेशन के लिये एक लाख रूपए तक की सहायता शासकीय मान्यता प्राप्त अशासकीय अस्पतालों को दी जाती है। योजना के तहत स्वीकृति जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा दी जाती है।
ग्वालियर मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से संभाग में 365 बच्चों का ऑपरेशन