राजगढ़ | 23-फरवरी-2017 जिला चिकित्सालय में गत दिवस एक महिला के गलत आपरेशन की जांच करने कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे द्वारा 4 सदस्यीय दल गठित किया गया है। जो जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। दल में एस.डी.एम. राजगढ, मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी और दो वरिष्ठ सर्जन शामिल रहेंगे। उन्होंने यह निर्देश आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की कार्यकारिणी की बैठक में दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस. गुप्ता सहित विकासखण्ड चिकित्सा अधिकरी जिला टीकाकरण अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने समस्त विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाएं और स्वच्छता बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र में साफ-सफाई की व्यवस्थाएं रोगी कल्याण समिति से सुदृढ की जाए और आवश्यकता हो तो जनभागीदारी समिति गठित कर व्यवस्थाएं बनाएं। आय के स्त्रोत की वृद्धि के लिए आवश्यक उपाय करें। मैदानी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने उन्होंने ए.एन.एम. की उपस्थिति का आकस्मिक निरीक्षण कराने के लिए एक सप्ताह में एस.एम.एस. पद्धति लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त सेक्टर सुपरवाईजरों को प्रतिदिन प्रातः एस.एम.एस. किया जाएगा। वह एस.एम.एस. द्वारा दिए गए निर्देश के अनुसार निरीक्षण कर उसी दिन शाम को निर्धारित प्रपत्र पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगी। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय की डायलिस मशीन चालु रखने, डायलिस करने तथा सामग्री और औषधियों की कमी नहीं रखने के निर्देश भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए।