इन्दौर | 22-फरवरी-2017 इंदौर तथा उज्जैन संभाग के 15 जिलों के लिये इंदौर में आज पासपोर्ट सेवा लघु केन्द्र के रूप में बड़ी सौगात मिली। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने इंदौर में आयोजित गरिमामय समारोह में पासपोर्ट सेवा लघु केन्द्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने की। कार्यक्रम में विदेश राज्य मंत्री डॉ.व्ही.के.सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस मौके पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, विधायकगण श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री मनोज पटेल, सचिव विदेश मंत्रालय श्री ज्ञानेश्वर मूले भी विशेष रूप से उपस्थित थे। इंदौर में उद्घाटन के साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा पासपोर्ट सेवा लघु केन्द्र ने अपना काम शुरू कर दिया है। इस केन्द्र की स्थापना से मालवांचल की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई है। इस केन्द्र का लाभ इंदौर और उज्जैन संभाग के सभी 15 जिलों के पासपोर्ट आवेदकों को मिलेगा। प्रारंभ में प्रतिदिन 100 अपाईमेंट जारी किये जायेंगे। इसके बाद मांग अनुसार इसे लगातार बढ़ाया जायेगा। पासपोर्ट सेवा लघु केन्द्र इंदौर को 600 से 700 आवेदन प्रोसेसिंग क्षमता के अनुसार बनाया गया है। यह लघु केन्द्र पासपोर्ट सेवा केन्द्र की तरह ही कार्य करेगा और आवेदन की जांच के साथ ही उनकी स्वीकृति भी एक कार्य दिवस में पूरी हो जायेगी। सहायक पासपोर्ट अधिकारी इस केन्द्र के प्रभारी होंगे। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि इस केन्द्र की स्थापना सतत प्रयासों का सुपरिणाम है। इस केन्द्र को इंदौर में खुलवाने के लिये लगातार प्रयास किये गये हैं। इन प्रयासों को आज सफलता मिली। उन्होंने कहा कि केन्द्र की स्थापना में विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज का अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अब हम इंदौर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के लिये भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर में पासपोर्ट सेवा केन्द्र शुरू करने के संबंध में नागरिकों की लंबे समय से मांग थी। यह मांग आज पूरी हो गयी है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने इस केन्द्र की स्थापना के लिये लोकसभा अध्यक्ष सहित केन्द्र शासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि केन्द्र शासन के प्रयासों से मध्यप्रदेश को नित नई सुविधायें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1978 में जब श्री अटलबिहारी बाजपेयी विदेश मंत्री थे, उनके प्रयासों से भोपाल में पासपोर्ट सेवा केन्द्र की स्थापना की गयी। लंबे अंतराल के बाद इंदौर में लघु पासपोर्ट सेवा केन्द्र वर्तमान केन्द्र शासन के प्रयासों से खुला है। उन्होंने कहा कि केन्द्र शासन ने निर्णय लिया है कि मध्यप्रदेश के जबलपुर, ग्वालियर, सतना तथा विदिशा में भी पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जायेंगे, परंतु हमारा प्रयास रहेगा कि इस तरह के केन्द्र प्रदेशों के अन्य शहरों में भी खोले जायें। इन केन्द्रों की स्थापना के लिये राज्य शासन द्वारा हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केन्द्रों का विस्तार समय की मांग है। केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री डॉ.व्ही.के.सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि इस केन्द्र का खुलना इंदौरवासियों के लिये गौरव की बात है। पासपोर्ट सेवा अब आम नागरिकों के लिये बड़ी जरूरत बनती जा रही है। हमारा प्रयास है कि इन जरूरतों को पूरा करने के लिये पासपोर्ट सेवा केन्द्रों का विस्तार किया जाये। हम पासपोर्ट सेवा केन्द्रों का लगातार विस्तार कर रहे हैं। बड़ी संख्या में नये पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जबलपुर, ग्वालियर, विदिशा और सतना में पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जायेंगे। हमारा प्रयास है कि जिलों के मुख्य डाक घरों में भी पासपोर्ट सेवायें शुरू की जायें। हमारे द्वारा पासपोर्ट सेवा के कार्यों में पारदर्शिता लायी गयी है और इस सेवा को जनहितैषी बनाया गया है। पासपोर्ट बनाने का कार्य पूरी तरह ऑनलाइन किया जा रहा है और पासपोर्ट बनने में लगने वाले समय को भी बेहद कम कर दिया गया है। कार्यक्रम के प्रारंभ में विदेश मंत्रालय के सचिव श्री ज्ञानेश्वर मूले में स्वागत भाषण देते हुये पासपोर्ट सेवा केन्द्रों के विस्तार के लिये किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने पासपोर्ट बनाने के लिये किये गये सुधारों की जानकारी दी और कहा कि पासपोर्ट बनाने के लिये देशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रयास किये जा रहे हैं कि देश के अधिकांश लोगों के पासपोर्ट हो। अभी वर्तमान में पूरे देश में मात्र 6 से 7 करोड़ लोगों के पास ही पासपोर्ट हैं। वर्तमान में केन्द्र शासन द्वारा प्रतिवर्ष एक करोड़ से सवा करोड़ पासपोर्ट बनाये जा रहे हैं। सप्ताह के कार्यदिवसों के साथ-साथ सप्ताहंत के शनिवार और रविवार को भी पासपोर्ट बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सेवा केन्द्रों के विस्तार से नागरिकों के समय, पैसे और असुविधाओं की बचत होगी। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन सहित अन्य अतिथियों ने शहीद स्वर्गीय श्री ज्ञानेश्वर नागर की धर्मपत्नी और परिजनों को इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित भवन का सांकेतिक कब्जा सौंपा। कब्जा स्वरूप उन्हें भवन की प्रतीक चाबी दी गयी। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्री मनोज राय ने आभार माना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती महाजन, विदेश राज्य मंत्री डॉ.व्ही.के.सिंह, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रारंभ में फीता काटकर पासपोर्ट लघु सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने भवन का अवलोकन किया और नागरिकों के लिये उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अतिथियों ने इस केन्द्र की स्थापना में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी द्वारा दिये गये सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर विकास प्राधिकरण ने नागरिकों की हर जरूरत का ध्यान रखकर पासपोर्ट सेवा केन्द्र में सुविधायें उपलब्ध करायी हैं।
इंदौर को मिली पासपोर्ट सेवा लघु केन्द्र की सौगात