पन्ना | 21-फरवरी-2017 किसान भाईयों को ऋण से एवं भूमि को बंधक से मुक्त कराने के उद्देश्य से शासन द्वारा भूमि विकास बैंक के बकायादारों के लिए जनहितैषी योजना लागू की गयी है। इस योजना के अन्तर्गत ऋण की आज की तिथि पर मात्र बकाया मूलधन की राशि जमा करने पर समस्त ब्याज, दण्ड ब्याज एवं वसूली प्रभार से मुक्ति दी जाएगी। बकाया मूलधन के अतिरिक्त की राशियों का वहन शासन द्वारा किया जाकर किसानों का ऋण माफ किया जाएगा। इससे किसान ऋण मुक्त होकर अपनी बंधक भूमि मुक्त कराकर विकास की राह पर चल सकते हैं। इस योजना की अंतिम तिथि 28 फरवरी है। महाप्रबंधक जिला सहकारी कृषि और ग्रामीण विकास बैंक एस.बी. बरसैयां ने किसान भाईयों से इस योजना का लाभ उठाकर ऋण मुक्त होने तथा खुशहाली का मार्ग चुनने के लिए अपील की है। श्री बरसैयां ने किसान भाईयों से अनुरोध करते हुए कहा है कि ऋण चुकाने में प्रारंभ में कठिनाई तो होती है। यदि आप ऋण से छुटकारा पाना चाहते हैं तो इस योजना का लाभ अवश्य लें। नियत तिथि के बाद इस योजना का लाभ नही मिल सकेगा। थोडा कष्ट उठाकर जीवन भर के ऋण से मुक्ति पायी जा सकती है। जब शासन/बैंक समस्त ब्याज आदि माफ कर रहा है तो ऐसे में इस अवसर का लाभ न लेना बकायादारों की लापरवाही तथा नसमझी होगी। उन्होंने जिले के किसानों से इस कल्याणकारी योजना का लाभ उठाकर ऋण मुक्त होने की अपील की है।