शाजापुर | 20-फरवरी-2017 ग्रामीणजन शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर तरक्की करें। राज्य शासन ने गरीबो के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। यह बात स्थानीय विधायक श्री अरूण भीमावद ने आज ग्राम पंचायत कांजा में जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री वीरेन्द्र सिंह रावत, अनुविभागीय अधिकारी श्री राजेश यादव, सरपंच श्रीमती गंगाबाई सौराष्ट्रीय, सीईओ जनपद श्री जितेन्द्र सिंह सेंगर, तहसीलदार श्री अनिरूद्ध मिश्रा, नायब तहसीलदार श्री वीरेन्द्र पौराणिक भी मौजूद थे। विधायक श्री भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के हित को सर्वोपरि रखती है। जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण होगा। सरकार ने पीढ़ितों की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए व्यवस्थाएं बनाई है। यदि किसी व्यक्ति को कोई शिकायत या समस्या है तो वे प्रति मंगलवार विभिन्न विभागों एवं कलेक्टर कार्यालय में होने वाली मुख्यमंत्री जनसुनवाई में अपनी समस्या या शिकायत का आवेदन दे सकते है। यदि वे इससे भी असंतुष्ट है तो सीधे मुख्यमंत्री हेल्प लाईन जिसका नम्बर 181 है, पर शिकायत दर्ज करा सकते है। मुख्यमंत्री हेल्प लाईन पर दर्ज शिकायत का निराकरण अवश्य होता है। इस तरह उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के उपचार की भी व्यवस्था की है। गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का निजी चिकित्सालयों में उपचार कराया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि विद्युत देयकों की राशि विद्युत वितरण कंपनी में जमा कराए तब ही सतत विद्युत प्रदाय किया जाना संभव हो सकेगा। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीणजन अधिकारों की मांग के साथ अपने कर्तव्यों का भी समुचित निर्वहन करें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सारी समस्याओं की जड़ बढ़ती आबादी है। यदि आबादी इसी गति से बढ़ती रही तो प्राकृतिक संसाधनों की भीषण कमी हो जाएगी। इसलिए सभी लोग परिवार नियोजन को अपनाए। इस मौके पर ग्रामीणों से प्राप्त कांजा रोड से बम्बोरी रोड तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव का परीक्षण कराया जाएगा। इसी तरह रेल्वे फाटक तक तालाब डेरा तक कुल 3 किमी की सड़क निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने हेतु जनपद सीईओ को निर्देशित किया गया। शिविर का संचालन एडीईओ श्री सुनील माथुर ने किया।
ग्रामीणजन सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर तरक्की करें- विधायक श्री भीमावद