छतरपुर | 16-फरवरी-2017 अपर कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार मौर्य ने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले 3 सहायक अध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जिसके तहत शासकीय कन्या माध्यमिक शाला अनगौर में पदस्थ सहायक अध्यापक गीता तिवारी को मध्यान्ह भोजन मीनू के अनुसार नहीं बनवाने एवं मध्यान्ह भोजन रजिस्टर में काट-छांट जैसी अनियमितता करने पर निलंबित किया गया है। इसी तरह शासकीय प्राथमिक शाला जखरौन खुर्द में पदस्थ सहायक अध्यापक संतोष कुमार चौरसिया एवं सुधा चौरसिया को एसडीएम बिजावर के निरीक्षण के दौरान बिना सूचना के संस्था से अनुपस्थित रहने पर निलंबित किया गया है। प्रभारी जिला पंचायत सीईओ श्री मौर्य ने निलंबन की कार्यवाही मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत की है। निलंबन अवधि में सहायक अध्यापक गीता तिवारी का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिजावर एवं सहायक अध्यापक संतोष कुमार चौरसिया व सुधा चौरसिया का मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बड़ामलहरा नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जायेगा।