रीवा | 14-फरवरी-2017 म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी जबलपुर ने कम्पनी क्षेत्रान्तर्गत विद्युत उपभोक्ताओं को मोबाइल-एप पर 9 सेवाओं का लाभ अब एक टच पर प्रदाय करने हेतु मोबाइल एप की सुविधा प्रारंभ की है, जिसके माध्यम से अब बिजली उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर में जाकर स्मार्ट बिजली एप डाउनलोड करने के बाद कम्पनी की इन 9 जनोपयोगी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। 1. मुख्यमंत्री स्थाई पम्प कनेक्शन का आवेदन, 2. निम्नदाब के नये कनेक्शन का आवेदन, 3. निम्नदाब के भार परिवर्तन का आवेदन, 4. निम्नदाब के नाम परिवर्तन का आवेदन, 5. बिजली शिकायतों का निराकरण, 6. कॉल सेन्टर से सीधा सम्पर्क, 7. कनेक्शन की सम्पूर्ण जानकारी, 8. बिजली बिल की सम्पूर्ण जानकारी एवं भुगतान, 9. उच्चदाब कनेक्शन की सेवायें। अब बिजली उपभोक्ता घर बैठे अपने एन्ड्रायड मोबाइल फोन में स्मार्ट बिजली एप डाउनलोड करके कम्पनी की ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अब बिजली उपभोक्ताओं को वितरण केन्द्रों में जाकर लम्बी लाइनों में खड़े होने एवं अपनी बारी का इंतजार करने से छुटकारा मिलेगा तथा इन सभी सेवाओं का लाभ जब भी चाहे जहां चाहें प्राप्त कर सकेंगे। रीवा क्षेत्र के मुख्य अभियन्ता श्री एस.के. टण्डन द्वारा समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अपने एन्ड्रायड मोबाइल पर स्मार्ट बिजली एप डाउनलोड कर कहीं भी कभी भी ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठायें।