राजगढ़ |  स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढावा देने के उद्येश्य से जिला मुख्यालय में 26 फरवरी‘2017 को प्रातः 7 बजे से राजगढ़ रन का आयोजन किया जाएगा। प्रतिभागियों को रजिस्ट्रेशन ऑनलाईन राजगढ़ डाट एनआईसी डाट इन पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 25 फरवरी ,2017 निर्धारित है। सशुल्क आयोजित होने वाले राजगढ़ रन अंतर्गत 11 कि.मी. की मिनी मेराथन दौड के साथ ही इसी दिन 5 कि.मी. एवं 3 कि.मी. की दौड भी आयोजित की जाएगी। समस्त पंजीकृत प्रतिभागियों को 26 फरवरी‘2017 को प्रतियोगिता प्रारंभ स्थल मंगल भवन नये बस स्टेण्ड पर प्रातः 6.00 बजे अपनी उपस्थिति देनी होगी एवं पूर्णतः स्वस्थ्य तथा स्वैच्छा से भागीदारी करने का स्वघोषणा पत्र देना अनिवार्य होगा। राजगढ़ रन्स का आयोजन नए बए स्टेण्ड मंगल भवन से मां जालपा मंदिर से वापसी उसी रास्त से स्टेडियम में समापन होगा। इस दौड में भारत का कोई भी 18 वर्ष से अधिक आयु का इच्छुक नागरिक शामिल हो सकता है। राजगढ़ रन के आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में बैठक में कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे ने बताया कि 11 कि.मी. राजगढ़ रन (मिनी मेराथन) का आयोजन नए बस स्टेण्ड स्थित मंगल भवन से मॉ जालपा मंदिर से वापस स्टेडियम में समापन होगा। इसमें प्रथम विजेता को 15 हजार रूपये, द्वितीय को 10 हजार रूपये एवं तृतीय विजेता को 5 हजार रूपये का नगद पुरस्कार,मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही इस दौड को पूरी करने वाले प्रथम स्थान पर रहे 10 धावकों को भी मेडल प्रदान किए जाएगें। इस दौड में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को 500 रूपये का पंजीयन शुल्क देना होगा। इसी प्रकार 5 कि.मी. और 3 कि.मी. की दौड भी मंगल भवन से आयोजित की जाएगी। पांच किलोमीटर दौड के लिए पंजीयन शुल्क 400 रूपये निर्धारित किया गया है। इसमें प्रथम विजेता को 5000 रूपये, द्वितीय को 3000 रूपये एवं तृतीय विजेता को 2000 रूपये का नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। तीन किलोमीटर की दौड के लिए पंजीयन शुल्क 300 रूपये निर्धारित किया गया है। इसमें प्रथम विजेता को 3000 रूपये, द्वितीय को 2000 रूपये एवं तृतीय विजेता को 1000 रूपये का नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर श्री पिथोडे ने कहा कि उक्त दौड को पूरी करने वाले समस्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र से नवाजा जाएगा। उन्होंने कहा कि राजगढ़ रन अंतर्गत आयोजित होने वाली 11 कि.मी., 5 कि.मी. और 3 कि.मी. दौड में भारत का कोई भी 18 वर्ष से उपर का इच्छुक व्यक्ति शामिल हो सकता है। राजगढ़ रन्स के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए उन्होंने दौड रास्ते की दूरी मापन,निशान लगाने एवं धावकों की आवश्यकता के मद्येनजर खेल शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने अधिकारी श्रीमति शर्मिला डाबर को, प्रत्येक 200 मीटर की दूरी पर पेयजल आदि की व्यवस्था के लिए आपूर्ति अधिकारी श्रीमति ज्योति बघेल को सुरक्षा, यातायात, पायलट पुलिस एवं डायल 100 की व्यवस्था एसडीओपी राजगढ़ श्री दीपक नायक को, ऑन लाईन पंजीयन एवं शुल्क प्राप्त करने की व्यवस्था करने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री एस.बी.पाटीदार एवं जिला प्रबंधक ई-गर्वनेन्स श्री बी.एस.रघुवंशी को तथा प्रत्येक 3 किलोमीटर की दूरी पर चिकित्सीय व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एस.गुप्ता एवं सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय डॉ.एस.यदु को दायित्व सौपे। उन्होंने निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्व समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होने व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन अपर कलेक्टर श्री राजेश जैन को करने तथा समन्वय करने बीएसी श्री संजीव सक्सेना को दिए। इसके साथ ही उन्होंने व्यवस्थाओं में गायत्री परिवार, लायन्स क्लब,कर्मचारी संगठनों, मीडिया एवं स्वयं सेवी संस्थाओं से भी सहयोग की अपील भी की।