तलेन, 22 सितंबर। पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तलेन में मंगलवार को उमंग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन कौशल के विभिन्न आयामों से परिचित कराना तथा उन्हें जीवन कौशल को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 647 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए ‘उमंग कॉर्नर’ का मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा उद्घाटन किया गया। उमंग कॉर्नर में विद्यार्थियों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को अभिव्यक्ति देने के लिए ‘मेरी पाती’ नाम से एक प्रश्न पेटी भी स्थापित की गई है। इसमें विद्यार्थी बिना अपनी व्यक्तिगत जानकारी दिए अपनी समस्याएं, प्रश्न अथवा मन की बात लिखकर डाल सकते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं सहज एवं गोपनीय तरीके से साझा करने का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अतुल जी, मेडिकल ऑफिसर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तलेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार पाटीदार जी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उमंग एंथम के साथ हुआ। टॉक शो में विद्यार्थियों से जीवन कौशल पर संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अतुल जी द्वारा विद्यार्थियों के साथ टॉक शो आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों से जीवन कौशल से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं एवं विचार साझा किए तथा तनाव, स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, व्यवहार एवं दैनिक जीवन में आने वाली परिस्थितियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की। टॉक शो के दौरान विद्यार्थियों को उमंग हेल्पलाइन नंबर 14425 के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन पर कॉल कर अपनी समस्या साझा कर सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है। चार गतिविधियों के माध्यम से समझाया जीवन कौशल इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा जीवन कौशल आधारित चार गतिविधियां प्रस्तुत की गईं। इनमें ‘मैं हूं राजा’, ‘नसरीन—तनाव की समझ’, ‘कानाफूसी खेल’ एवं ‘आत्मरक्षा गतिविधि’ शामिल रहीं। गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन, संवाद, सहयोग एवं आत्मरक्षा जैसे जीवन कौशलों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने साझा की बदलाव की कहानी कार्यक्रम में दो विद्यार्थियों ने जीवन कौशल सत्रों के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी साझा की। विद्यार्थियों ने बताया कि जीवन कौशल संबंधी सत्रों एवं गतिविधियों से उनके सोचने के तरीके, भावनाओं को समझने, परिस्थितियों का सामना करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सकारात्मक बदलाव आया। प्रश्न मंच में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा इसके बाद उमंग जीवन कौशल प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों से जीवन कौशल से संबंधित प्रश्न पूछे गए तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न गतिविधियों में 49 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की, जिन्हें पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। शपथ के साथ लिया सकारात्मक जीवन का संकल्प कार्यक्रम के समापन चरण में सभी विद्यार्थियों को जीवन कौशल आधारित शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों का आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ सामना करने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने, एक-दूसरे का सहयोग करने, नशे एवं गलत आदतों से दूर रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। शपथ के पश्चात दूसरी बार उमंग एंथम प्रस्तुत किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन उमंग के नोडल शिक्षक श्री भगवान सिंह लववंशी द्वारा किया गया। आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।