* बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता):- भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक गुरुवार को जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले की अध्यक्षता व भाजपा जिला प्रभारी नंदकिशोर पाटीदार के आतिथ्य में भाजपा जिला कार्यालय पर सम्पन्न हुई। उक्त बैठक प्रदेश संगठन से प्राप्त निर्देशानुसार आगामी राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त पर होने वाले घर-घर तिरंगा अभियान एवं अन्य विषयों को लेकर सम्पन्न हुई। अतिथियों द्वारा भारत माता, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय व डॉक्टर श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व द्वीप प्रज्वलित कर बैठक की शुरुआत की गई। *विभाजन की विभीषिका को जन-जन तक पहुचाना:-* भाजपा जिला प्रभारी नंदकिशोर पाटीदार ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसका कार्यकर्ता सिर्फ चुनाव जीतने तक ही काम नही करता वरन राष्ट्रीय पर्व हो या अन्य आयोजन हो उसमें पूरी तन्मयता व ताकत से काम करता है। चुनाव सम्पन्न हो चुके है अब कार्यकर्ताओ की संगठन को मजबूत बनाने की बारी है। आगे उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को हमे स्वतंत्रता तो मिल गई लेकिन 14 अगस्त 1947 को हमारा देश का विभाजन हो चुका था अतः हमे विभाजन की विभीषिका तथा विभाजन में किन-किन लोगो की भूमिका रही और उस समय कितने लोगों का नर संहार हुआ इन सभी बातों को संगोष्ठी या व्याख्यान के रूप में कार्यक्रम आयोजित कर जन-जन तक पहुचाना है। तथा सभी मोर्चो द्वारा राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त को भव्यरूप में मनाकर तथा होने वाली तिरंगा यात्रा को व्यापक पैमाने पर निकालकर जनमानस में राष्ट्रीय प्रेम की भावना को जागृत करना है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले ने प्रदेश संगठन से प्राप्त कार्यक्रमो की रूपरेखा बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर घर-घर तिरंगा अभियान के तहत हमे हर घर पर तिरंगा लगवाना है। इसी के निमित्त 11, 12 व 13 अगस्त को युवा मोर्चा द्वारा विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालना, 12, 13 एवं 14 अगस्त को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों की साफ सफाई करना है तथा 14 अगस्त को उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करना है, वही 14 अगस्त को अखण्ड भारत दिवस पर विभाजन की विभीषिका पर प्रत्येक मण्डल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर उस समय नरसंहार में मारे गए लोगो को श्रद्धांजलि देना, इसी प्रकार से 11, 12 एवं 13 अगस्त को मण्डल स्तर पर वाहन रैली निकालना तथा 19 अगस्त से रक्षाबंधन पर्व मनाना है जिसमे महिला मोर्चा द्वारा केंद्र की नरेंद्र मोदी तथा प्रदेश की मोहन सरकार से लाभान्वित लाडली बहना, लाडली लक्ष्मी योजना, उज्ज्वला गैस योजना की हितग्राही बहनों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करना है। 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात को जिले के सभी 1221 बूथों पर देखने व सुनने की व्यवस्था करना तथा सभी बूथों के प्रभारी नियुक्त करना है। वही पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने संगठन से प्राप्त सभी कार्यक्रमो तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस को भव्यरूप में मनाने का आव्हान किया। इस दौरान तिरंगा अभियान के जिला प्रभारी भागीरथ कुशवाह एवं युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित शर्मा ने तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियों व कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन महामन्त्री अजय यादव व आभार अनूप मिश्रा द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश खंडेलवाल, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष जया शर्मा, अंतर सिंह पटेल, महामंत्री द्वय विक्रम चौहान, अजय यादव व अनूप मिश्रा मंचासीन रहे।