भोपाल मंगलवार को भोपाल में कैबिनेट की बैठक हुई। मध्यप्रदेश में लाड़ली बहनों को 450 रुपए का रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा। इससे ऊपर की राशि की भरपाई राज्य सरकार करेगी। यह निर्णय मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ देने का निर्णय भी लिया गया। इसके तहत कार्यकर्ताओं का 2 लाख रुपए और सहायिकाओं का एक लाख का बीमा किया जाएगा। ये राशि 62 साल की उम्र होने से पहले निधन होने पर दी जाएगी। दुर्घटना में स्थायी दिव्यांग होने पर 1 लाख रुपए दिए जाएंगे। ग्वालियर में 28 को होगा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि ग्वालियर में 28 अगस्त को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होगा। सभी जिलों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार काम किया जाएगा। परंपरागत उद्योग और व्यापार-व्यवसाय में लगे लोगों को भी अपनी गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैठक से पहले यह बात कही।