बड़वानी (नरेन्द्र गुप्ता)- पुलिस कर्मियों के परिवार को दैनिक दिनचर्या में उपयोग आने वाले घरेलू सामानों को किफायती दरों पर उपलब्ध करवाने हेतु स्थापित पुलिस सब केंटीन का जीर्णोद्धार उपरांत पुनः शुभारंभ माननीय लोक सभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल के कर कमलों द्वारा किया गया। उक्त पुलिस सब केंटीन की शुरूआत वर्ष 2020 में जिला बड़वानी के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक निमीष अग्रवाल द्वारा जिला पुलिस लाईन परिसर में की गई थी। इस पुलिस सब केंटीन को वर्तमान लोक सभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल द्वारा सांसद निधि से प्रदान की गई राशि का उपयोग कर वृहद स्वरुप प्रदान करते हुए इस पुलिस सब केंटीन को मौलाना आजाद मार्ग, पी जी कॉलेज बड़वानी खेल मैदान के समीप स्थित बड़े हॉल में स्थानांतरित कर किया गया। इस पुलिस सब केंटीन के जीर्णोद्धार एवं वृहदीकरण के पश्चात जिले में कार्यरत समस्त पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों को रोजमर्रा की आवश्यकता का जरूरी सामान अब किफायती दरों पर प्राप्त होंगे। इस जीर्णोद्धार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक सभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने पुलिस सब केंटीन के शुभारंभ उपरांत उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों एवं पुलिस परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस कल्याण हेतु भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन निरंतर प्रयत्नशील रहा है। जीर्णोद्धार के उपरांत वृहद स्तर पर संचालित पुलिस सब केंटीन का फायदा निश्चित तौर पर हमारे जिले के पुलिस अधिकारी/ कर्मचारियों को प्राप्त होगा। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पुनीत गेहलोद ने कार्यक्रम के दौरान पुलिस सब केंटीन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुलिस सब केंटीन का उद्देश्य मुनाफा केन्द्रित न होकर कम से कम दरों पर रोजमर्रा की वस्तुएँ पुलिस परिवारों को उपलब्ध कराना है। इस दौरान कार्यक्रम में जिले के समस्त पुलिस अधिकारी/ कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बड़वानी अनिल कुमार पाटीदार ने पुलिस सब केंटीन के जीर्णोद्धार में सहयोग करने पर माननीय सांसद का आभार व्यक्त किया, एवं पुलिस अधीक्षक बड़वानी ने सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को समस्त जिला पुलिस परिवार की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया ।