राजगढ़ गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या ‘‘भारत पर्व‘‘ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शा. उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय राजगढ में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई और स्थानीय प्रतिभाओं ने रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीमति हिमानी खन्ना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजगढ श्री कमलेश भार्गव, छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, शासकीय सेवक औैर बडी संख्या में दर्शकगण मौजूद रहे। ‘‘भारत पर्व‘‘ का शुभारंभ पहली प्रस्तुति शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा होली गीत से हुआ। इस अवसर पर समाज सेवी एवं शिव पुरस्कार से सम्मानित श्री जमनालाल बैरागी द्वारा ‘‘बेटी बचाओ-बेटी पढाओ‘‘ पर केन्द्रित स्थानीय मालवीय बोली में ‘‘म्हारो पढबे को मन हो.....हिबडा भीतर-भीतर रोवे‘‘ की मार्मिक संदेशात्मक प्रस्तुति और सितारवादक श्री श्याम वैष्णव द्वारा शास्त्रीय संगीत अंतर्गत ‘‘रघुपति राघव राजा राम‘‘ तथा ‘‘देदी हमे आजादी बिना खडग बिना ढाल‘‘ जैसी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध एवं भाव-विभोर कर दिया। सितारवादक श्री वैष्णव के साथ तबले पर संगत श्री मनोज पाटीदार ने दिया। कार्यक्रम में कु. रीना जायसवाल द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य, के.के. मेमोरियल के छात्र-छात्राओं द्वारा नाटिका एवं प्रेम प्रगति विद्यालय के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुतियां दी। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री श्यामबाबू खरे द्वारा प्रस्तुत ‘‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिडिया करती है बसेरा‘‘ गीत को भी दर्शकों ने खूब सराहा और साथ-साथ गाया भी। इस अवसर पर प्राध्यापक सुश्री वसंति मोघे द्वारा सैनिक कल्याण के लिए सैनिक कल्याण कोष को एक लाख 51 हजार रूपये का चेक भी कलेक्टर श्री पिथोडे को दिया गया।
लोकतंत्र के लोकोत्सव ‘‘भारत पर्व‘‘ पर सांस्कृतिक संध्या का हुआ आयोजन -