शाजापुर जिला मुख्यालय पर मनाए जा रहे चार दिवसीय शाजापुर उत्सव में दूसरे दिवस मांडना, रंगोली, मेंहदी एवं संजाबाई चित्रकला प्रतियोगिताएं संपन्न हुई। मान्डना प्रतियोगिता में 65 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से सहज पब्लिक स्कूल की तन्वी सोनी प्रथम, इटर्नल पब्लिक स्कूल की श्रीमती रंजना सक्सेना द्वितीय तथा श्रीमती संगीता विश्वकर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसी तरह मेंहदी प्रतियोगिता में 121 प्रतिभागी सम्मिलित हुए। मेंहन्दी प्रतियोगिता में शाजापुर की रश्मि बादल प्रथम, भरड़ की पूजा जाधव द्वितीय तथा शाजापुर कन्या महाविद्यालय की अल्वीना तृतीय स्थान पर रही। रंगोली प्रतियोगिता में 87 प्रतिभागी सम्मिलित हुए प्रतियोगिता में सरिता गिरकू प्रथम, श्रीमती नीलम राठौर द्वितीय और श्रीमती ममता जैन तृतीय तथा नीतू पाटीदार को सांत्वना पुरस्कार मिला। संजाबाई प्रतियोगिता में 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उमावि शाजापुर की सोना कचरूलाल प्रथम, ज्योति सेन कालापीपल द्वितीय, शीतल शर्मा सहज पब्लिक स्कूल शाजापुर तृतीय स्थान पर रही। उत्कृष्ट विद्यालय की महक सेंगर को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर पुष्प रंगोली प्रतियोगिता भी सम्पन्न हुई, जिसमें कुमारी आयुशी माहेश्वरी को प्रथम एवं श्रीमती रेखा माहेश्वरी को द्वितीय पुरस्कार दिया गया। संपन्न हुई प्रतियोगिताओं का शुजालपुर विधायक श्री जसवंत सिंह हाड़ा, शाजापुर विधायक श्री अरूण भीमावद, कलेक्टर श्रीमती अलका श्रीवास्तव सहित दूसरे दिन के समारोह में आए अतिथियों ने अवलोकन किया। मलखंब के खिलाड़ियों का हैरतअंगेज प्रदर्शन शाजापुर उत्सव के द्वितीय दिवस संध्याकालीन संपन्न हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शाजापुर के मलखम्ब खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन कर सबकों दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया। मलंखब के प्रशिक्षक श्री योगेश मालवीय के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने सबसे पहले योग प्रदर्शन किया। इसके बाद नन्ही-नन्ही बालिकाओं ने रोप मलखंब का प्रदर्शन कर सबको हैरत में डाल दिया। इसके उपरान्त मलखंब का प्रदर्शन हुआ जिसमें खिलाड़ियों ने विभिन्न मुद्राओं में योगासन का प्रदर्शन किया। मलखम्ब के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने हेतु 21 हजार रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। नदियों के प्रवाह पर नृत्य नाटिका की आकर्षक प्रस्तुति सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उज्जैन की प्रतिभा संगीत कला संस्था द्वारा पर्यावरण एवं शिप्र प्रवाह पर बेहद आकर्षक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ मुक्त कंठ से सराहा। नृत्य नाटिकाओं में शिप्र प्रवाह, रूद्र, शिव वंदना, केसरिया बालम रंग मत डालो रे महारास, रूकमणी एवं सत्यभामा नारद संवाद की प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में प्रतिभा रघुवंशी जो कि स्वयं निर्देशक भी है, हर्षा व्यास, अनन्या गौण, गौरिशा चावड़ा, सुहानी मित्तल, अर्वान शुक्ला, देवांशी जाटव, नाव्या जोशी आदि सम्मिलित थे। नृत्य नाटिका का संचालन संस्था प्रमुख पद्मजा रघुवंशी ने किया। इस अवसर पर शुजालपुर की देवांशी, विनिता एवं मोहिता ने भी शास्त्रीय संगीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समाप्ति पर अनुविभागीय अधिकारी श्री राजेश यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री महेन्द्र मोहन सोनी ने किया।