बड़वानी | 21-जनवरी-2017 प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को बड़वानी जिले के ग्राम धाबाबावड़ी पहुंचकर स्वतंत्रता सैनानी शहीद भीमा नायक के स्मारक का लोकार्पण किया। इस दौरान उनके साथ केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रदेश के पशुपालन कल्याण मंत्री श्री अंतरसिंह आर्य, क्षेत्रीय सांसद श्री सुभाष पटेल, पानसेमल विधायक श्री दीवानसिंह पटेल, प्रमुख सचिव आदिम जाति कल्याण श्री अशोक शाह, इन्दौर संभागायुक्त श्री संजय दुबे, कलेक्टर श्री तेजस्वी एस नायक, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत खरे भी थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के जनजाति क्षेत्र के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सैनानी भीमा नायक के क्रांतिकारी जीवन वृत्त को दर्शाने वाले 42 चित्रो के संग्रह को भी देखा। ग्रीन कमाण्डो के प्रयासो को सराहा शहीद भीमा नायक के स्मारक कार्यक्रम में पधारे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने बड़वानी जिले के सबसे दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र रोसर की लगभग 4 सौ पहाड़ियो की चढ़ाई कर 200 से अधिक बिखरी हुई बस्तियो के प्रत्येक घर-घर जाकर बच्चो एवं गर्भवती महिलओ का शतप्रतिशत टीकाकरण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली 103 नर्स बहनो के प्रयासो को सराहते हुए उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। साथ ही इन नर्स बहनो को जिला प्रशासन द्वारा दी गई ‘‘ग्रीन कमाण्डो‘‘ की उपाधि को सार्थकता प्रदान करने वाले ‘‘ग्रीन कमाण्डो‘‘ कैलेण्डर का भी विमोचन किया। एनसीसी व एनएसएस के 300 स्वयं सेवको के साथ भी खिंचवाया फोटो मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भीमा नायक स्मारक लोकार्पण के दौरान उपस्थित एनसीसी, एनएसएस, मॉडल स्कूल, नर्मदा कान्वेंट स्कूल, माँ तुझे प्रणाम यात्रा में जाने वाले 300 से अधिक स्वयं सेवको के साथ भी फोटो खिंचवाया। साथ ही युवाओ को भी प्रोत्साहित किया कि देश-राज्य-क्षेत्र की आन-बान-शान के लिए वे भी कुछ ऐसा करे, जिससे उनका नाम भी इतिहास के सुनहरे पन्नो में दर्ज हो सके। जनजाति की संस्कृति की झलक दिखाने वाली प्रदर्शनी का किया अवलोकन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भीमा नायक स्मारक परिसर में आदिम जाति अनुसंधान एवं विकास संस्थान भोपाल द्वारा लगाई गई ‘‘आदिबिम्ब‘‘ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में जनजाति की संस्कृति एवं उनके द्वारा उपयोग किये जाने वाले संसाधनो को प्रस्तुत किया गया था। मुख्यमंत्री ने की दिव्यांग बच्चो से भेंट मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने भीमा नायक स्मारक लोकार्पण के दौरान कांता विकलांग ट्रस्ट झाकर के उपस्थित 20 से अधिक दिव्यांग बच्चो से भी मुलाकात कर उनकी संस्था में आने का आश्वासन दिया।