राजगढ़ | 21-जनवरी-2017 जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में 14 जनवरी ‘17 से प्रारंभ 8 दिवसीय आनन्द उत्सव का शानदार तरीके से समारोह पूर्वक समापन हुआ। छात्र-छात्राओं ने गरबा, होली की मस्ती और डान्स के साथ फिटनेस ‘‘जुम्बा‘‘ का भरपूर आनन्द लिया। जुम्बा कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं झूम उठे और जुम्बा इन्सट्रक्टर नेहा तिवारी से एक बार और कहके तीन कार्यक्रम प्रस्तुत कराए। समापन कार्यक्रम स्वास्थ्य के लिए खेल जान है तो जहान है-मोबाईल का उपयोग संभल के करने तथा स्वच्छता का संदेश भी जनमानस के मध्य पहुंचाकर आनन्द उत्सव की अमिट छाप छोड़ गया। ‘‘आनन्द उत्सव‘‘ के समापन समारोह पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर ने की। इस अवसर पर राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, ब्यावरा विधायक श्री नारायण सिंह पंवार, म.प्र. राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर. एस. प्रजापति, आनन्द उत्सव के नोडल अधिकारी श्री श्याम बाबू खरे आनन्द उत्सव के दौरान साहसिक गतिविधियों के संचालक श्री मनीष मुनुटवार सहित बडी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं नागरिकगण मौजूद रहे। कलेक्टर श्री पिथोडे द्वारा ‘‘आनंद उत्सव‘‘ के दौरान आयोजित गतिविधियों में सभीजनों के सहयोग के लिए सहृदय आभार ज्ञापित किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में किया गया यह अनूठा प्रयास बच्चों में सीखने की इच्छा जागृत करने, लगन पैदा करने और अपने लक्ष्य निर्धारित करने की सीख देना था। उन्होंने कहा कि प्रथम प्रयास में कुछ कमियां रह जाती हैं। उन्होंने भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए सभीजनों से सकारात्मक और महत्वपूर्ण सुझाव की अपेक्षा भी की। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहली प्रस्तुति कस्तूरबा गांधी बालिका आवसीय विद्यालय की बालिकाओं द्वारा ‘‘बीमारी की जड गंदगी‘‘ का संदेशात्मक आर्कषक सामुहिक नृत्य प्रस्तुत किया। इसी प्रकार स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा विभिन्न वाद्ययंत्रों की धुनों द्वारा मधुर संगीत धुने, के.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल द्वारा ‘‘जान है तो जहान है‘‘-सुरक्षा के मद्देनजर मोबाईल का उपयोग नही करने का संदेश देने मौन नाट्य प्रस्तुति तथा उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने ‘‘होली में उडत गुलाल‘‘ की मनुहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनमोहा। ‘‘आनंद उत्सव‘‘ के दौरान आयोजित 13 एवं 14 जनवरी‘2017 को एयरो मॉडलिंग शो में शामिल हुए लगभग 125 बच्चों में से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर उत्कृष्ट विद्यालय राजगढ की छात्रा कु. संगीता परमार को समापान समारोह में 10 हजार रूपये की छात्रवृत्ति स्वीकृत की जाकर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। संगीता की अनुपस्थिति में यह प्रमाण-पत्र जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त किया गया। समापन समारोह के आयोजित कार्यक्रम का संचालन श्री संजीव सक्सेना ने किया तथा व्यवस्था जूनियर रेडक्रास के केडेट्स ने संभाली।