राजगढ़ | 21-जनवरी-2017 जिला मुख्यालय में लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राज्य बीमारी सहायता निधि योजनान्तर्गत गरीबी रेखा के व्यक्तियों के संपूर्ण उपचार हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बी.पी.एल. के व्यक्तियों के राज्य बीमारी सहायता निधि अंतर्गत 500 तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 100 बच्चों का पंजीयन किया गया। जिनका चिन्हित बीमारियों अंतर्गत विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण उपरांत संपूर्ण उपचार के लिए प्राक्कलन तैयार कर संबंधित चिकित्सालयों में रेफर किया जाएगा। शिविर के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार को सबके स्वास्थ्य की चिन्ता है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के उपचार के लिए विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं में संपूर्ण एवं निःशुल्क उपचार कराने की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। बीमार और असहाय की सेवा कर पुण्य सभी को प्राप्त करना चाहिए। शिविर में म.प्र. राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष श्री रघुनंदन शर्मा, राजगढ विधायक श्री अमर सिंह यादव, ब्यावरा विधायक श्री नारायण सिंह पंवार ने भी संबोधित किया तथा प्रदेश सरकार द्वारा सबके स्वास्थ्य के बेहतरी के लिए क्रियान्वित स्वास्थ्य सेवाएं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। शिविर स्थल पर हृदय रोगी लीला बाई को उपचार हेतु 1,30,000 रूपये, रूखसाना को 1,65,000 रूपये एवं मोरसिंह को 57,000 रूपये तथा घाीसालाल की स्पाईनल सर्जरी एम्स दिल्ली में कराए जाने हेतु स्वीकृति-पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद राजगढ अध्यक्ष श्रीमति मंगला शैलेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.एस. प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एस. गुप्ता, सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ.एस. यदु, चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग का अमला और उपचार की आस में आए रोगीगण और उनके परिजन मौजूद रहे।