भोपाल | 21-जनवरी-2017 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास कर रहा है तथा प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के कारण प्रदेश के नागरिकों के जीवन में आनंद ही आनंद छाया हुआ है। इसलिए सरकार ने अलग से आनंद विभाग गठित किया है तथा पूरे प्रदेश में आनंद उत्सव व आनंदम कार्यक्रम के तहत विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। यह बात आज बैरागढ के दशहरा मैदान में आयोजित आनंद उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कही। इस अवसर पर उन्होंने आनंद उत्सव आयोजन के लिए मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट करते हुए इस कार्यक्रम के प्रदेश में सफल आयोजन पर उन्हें बधाई दी। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) के दशहरा मैदान में आनंद उत्सव कार्यक्रम के तहत शहीद हेमू कालाणी के जीवन दर्शन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया तथा इस दौरान हेमू कालाणी की स्मृति में झूलेलाल विसर्जन घाट से लेकर दशहरा मैदान तक मैराथन दौड़ भी आयोजित हुई जिसमें सैकड़ों नागरिको ने भाग लिया। आनंद उत्सव कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने साइकिलिंग, मलखम्भ, रस्साकशी, कुश्ती, जैसी प्रतियोगिताओं में शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद उठाया। इस दौरान शारदा विहार आवासीय विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल विजेता बच्चों ने हठयोग आधारित व्यायाम का प्रदर्शन प्रस्तुत किया तथा मलखम्भ पर आकर्षक कलाबाजियां दिखाईं। कार्यक्रम में तीरंदाजी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई तथा पुलिस बैंड ने देशभक्ति गीतों पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। आनंद उत्सव कार्यक्रम में आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता में भी सैकड़ो नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में आदिवासी महिलाओं के समूह ने आकर्षक लोकनृत्य भी प्रस्तुत किया। इस दौरान बालीबॉल प्रतियोगिता का आनंद भी उपस्थित नागरिकों ने लिया।
आनंद उत्सव के तहत बैरागढ़ में हुए विभिन्न कार्यक्रम