राजगढ़ ( सतीश यादव ) मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेटियो की सुरक्षा सर्वोपरि है और बेटियो के साथ गलत करने वालो को फांसी की सजा दी जाएगी।मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को राजगढ़ जिले के खुजनेर में शहीद श्री मनीष विश्वकर्मा की मूर्ति का अनावरण करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री मोहन यादव,चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग ,सांसद श्री रोडमल नागर,विधायक श्री बापू सिंह तंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शहीद श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा का अनावरण कर पुष्प अर्पित किए और शहीद के माता पिता को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ में विकास उनकी सरकार के दौरान ही हुआ है।उन्होंने कहा कि जिले को आज ही मेडिकल कालेज की सौगात भी मिल रही है।श्री चौहान ने खुजनेर में अगले सत्र से महाविद्यालय प्रारंभ करने के अलावा नगर परिषद को एक करोड़ विकास निधि स्वीकृत करने की घोषणा की।उन्होंने खुजनेर बायपास के लिए सर्वे करवाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हर ग्राम पंचायत और वार्डों में शिविर लगाकर नागरिकों को पात्रता अनुसार लाभ दिया जाना सुनिश्चित करे।उन्होंने कहा कि आवासहीन परिवारों को मकान के लिए जमीन दी जाएगी,भले ही सरकार को जमीन खरीद कर देना पड़े।मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई और पेयजल के लिए पानी की कोई कमी नही होगी।