राजगढ़ जिला मुख्यालय के स्टेडियम में आठ दिवसीय आनन्द उत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर एटीबी बाईक, पेरासेलिंग, जिपलाईन, आर्चरी, पेंटबाल शूटिंग आदि खेलों का उपस्थितजनों ने अपनी-अपनी रूचि अनुसार भाग लेकर आनन्द लिया। इस अवसर पर सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हिमानी खन्ना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजगढ श्री कमलेश भार्गव,नोडल अधिकारी आनन्द उत्सव श्री श्यामबाबू खरे सहित बडी संख्या में प्रतिभागी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, पत्रकारगण और आनंद का लाभ लेने वाले दर्शकगण मौजूद थे। इस अवसर सांसद श्री नागर ने कहा कि व्यक्ति को रोटी, कपडा और मकान के अतिरिक्त आनन्द और सुख की आवश्यकता होती है। मन को जिससे संतुष्टी मिले वही आनन्द है। जीवन के हरपल को आनन्द के साथ जीना चाहिए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री अमर सिंह यादव एवं कलेक्टर श्री पिथोडे ने भी संबोधित किया तथा कहा कि पारंपरिक खेलों के साथ-साथ बच्चों में वैज्ञानिक सोच को बढाने और सहासिक और रोमांचकारी खेलों की उनका रूझान बढाने के उद्देश्य से आनन्द उत्सव के दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें बडी संख्या में प्रतिभागीजन शामिल हों और मिले अवसरों का लाभ उठाएं। आनन्द उत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रारंभ में कन्या हायर सेकण्डरी स्कूल गंज की बालिकाओं द्वारा मनुहारी सामुहिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। बाद में उत्साही जनप्रनिधियों, पत्रकारों और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल गतिविधियों में शामिल होकर आनन्द लिया। आयोजित कार्यक्रम का संचालन श्री संजीव सक्सेना ने तथा खेल गतिविधियों का संचालन श्री मनीष मुतुटवार ने किया।