ब्यावरा। नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार राजगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे अर्थात पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के गढ़ में श्री सिंधिया के भ्रमण के कई मायने निकाले जा रहे हैं। अब श्री सिंधिया सीधे तौर पर राजगढ़ जिले में दखल रखेंगे। कांग्रेस में रहते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले कभी जिले में नहीं आए, क्योंकि यह एरिया पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह का प्रभाव क्षेत्र माना जाता हैं, किंतु अब श्री सिंधिया के आने से जिले की राजनैतिक परिस्थितियों में बदलाव होगा। उनका यहां पर 16 अप्रैल को आगमन हो जाएगा, जो रात्रि विश्राम यहीं पर करेंगे और दूसरे दिवस 17 अप्रैल को दिनभर प्रशासनिक, पार्टी कार्यक्रमों एवं कार्यों का स्थल निरीक्षण के साथ ही विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दिग्विजय परिवार हुआ सक्रिय जिले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दखल और भ्रमण कार्यक्रम के पहले ही दिग्विजयसिंह का परिवार भी अब जिले में सक्रिय हो गया हैं। पिछले दो दिनों के पूर्व मंत्री जयवर्धनसिंह का दो दिवसीय दौर ब्यावरा एरिया में रहा, वहीं चांचौड़ा विधायक लक्ष्मणसिंह भी आज जिले में कई स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच गए। आमने-सामने होगा राजा और महाराजा परिवार कांग्रेस पार्टी में रहते हुए ग्वालियर का महाराजा परिवार राजगढ़ जिले में आने से बचता रहा हैं, लेकिन अब राजा और महाराजा परिवार आमने सामने होगा। भाजपा में शामिल होने के बाद श्री सिंधिया का जिले में दौरा शुरू हो गया हैं, जिससे दिग्विजय परिवार की मुश्किलें भी बढ़ जाएगी। अब तक दिग्विजय परिवार एकक्षत्र राज करता आया हैं, परंतु अब उनके लिए सिंधिया परिवार की दखल चुनौतियां पैदा करेगी। अपने गढ़ को बचाने के लिए किला भी सक्रिय हो चला हैं। अब देखना यह है कि वक्त आने पर महाराजा का जादू चलेगा या किला का दबदबा बना रहेगा। आज राति होगा आगमन देश के नागरिक उड्यन मंत्री भारत सरकार ज्योतिरादित्य सिंधिया 16 अप्रैल देर रात 09:30 बजे राजगढ़ आएंगे। रात्री विश्राम राजगढ़ में करेंगे एवं 17 अप्रैल, 2022 को स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। श्री सिंधिया 17 अप्रैल सुबह 09 से 10:30 बजे तक स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक करेंगे, सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक क्षेत्रीय भ्रमण एवं कार्यो का स्थल निरीक्षण और दोपहर 12 से 12:30 बजे तक प्रेस कान्फ्रेंस, दोपहर 12:30 बजे से अपरान्ह 01:30 बजे तक एनजीओ के साथ बैठक में शामिल होंगे। उड्यन मंत्री श्री सिंधिया अपरान्ह 02:30 बजे से अपरान्ह 03:30 बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे एवं अपरान्ह 03:30 बजे से शाम 04 बजे तक जिले के अन्य महत्वपूर्ण गणमान्य व्यक्तियों की बैठक में शामिल होने उपरांत शाम 04:00 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।