बड़वानी | 14-जनवरी-2017 मकर संक्राति का दिन बड़वानी नगरवासियो एवं प्रदेश के नवगठित आनंद विभाग में पंजीकृत आनंदको के लिये विशेष रहा। इस दिन 500 से अधिक आनंदको ने कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक के साथ हेलमेट पहनकर मोटर सायकिल रैली निकालकर शहरवासियो को यातायात के नियमों का पालन करने, दो पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने का संदेश दिया। शनिवार को एसबीएन शासकीय महाविद्यालय परिसर से दोपहर को निकाली गई इस मोटर सायकिल रैली में सबसे आगे कलेक्टर श्री तेजस्वी एस नायक, पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत खरे, जिला पंचायत सीईओ श्री बी कार्तिकेयन, सहायक कलेक्टर श्री शिवम वर्मा चल रहे थे। इन अधिकारियो के पीछे-पीछे समस्त विभागो के जिला अधिकारी एवं प्रतिदिन मोटर सायकिल से आना-जाना करने वाले शासकीय कर्मियो ने हेलमेट पहन कर भाग लिया। इस रैली में भाग लेने वाले शासकीय कर्मियो में महिला कर्मियो की भी अच्छी संख्या थी। यातायात सप्ताह के तहत आनंदको द्वारा निकाली गई यह मोटर सायकिल रैली इतनी विशाल थी कि एक चौराहे से दूसरे चौराहे पर पहुंचने के बाद भी रैली का अंतिम छोर दिखाई नही दे रहा था। दो-दो की कतार में मोटर सायकिल पर चल रहे आनंदको ने कालेज मैदान से रैली प्रारंभ कर मोटी माता चौराहा, रणजीत चौक, झण्डा चौक, महालक्ष्मी गेस्ट हाउस, योगमाया मंदिर, गायत्री मंदिर, लक्ष्मी टाकिज चौराह, पाला बाजार, पानवाड़ी, न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी, महेन्द्र टाकिज, कारंजा, बस स्टेण्ड, सर्किट हाउस, ओलम्पिक चौराह, रेवा सर्कल होते हुये पुनः कालेज पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। रैली समाप्ति पश्चात् कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक तथा जिला पंचायत सीईओ ने कर्मियो से अपेक्षा की कि वे दो पहिया वाहन चलाते समय इसी प्रकार हमेशा हेलमेट लगाये। जिससे घटना-दुर्घटना के समय होने वाली मानव क्षति को रोका जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित समस्त लोगो को हाथ उठवाकर प्रण भी करवाया कि वे हमेशा हेलमेट का उपयोग जहॉ स्वयं करेंगे वही अपने परिजनों से भी करवायेंगे।