इन्दौर कलेक्टर श्री पी.नरहरि चल रही शीत लहर को देखते हुये अचानक रात्रि 11 बजे के बाद शहर भ्रमण पर निकले और रोड के किनारे सो रहे लोगों को देखकर रूक गये। कलेक्टर ने सड़क किनारे सो रहे लोगों से चर्चा की, तो लोगों ने बताया कि दूसरे शहर से काम-धंधे के लिये आये हुये हैं और उनके पास रात्रि में सोने के लिये कोई जगह उपलब्ध नहीं है। कलेक्टर ने तुरंत ही नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ऐसे सभी लोगों के लिये रैन बसेरों में बेहतर व्यवस्था की जाये और रैन बसेरों में रजाई,कंबल के साथ अलाव जलाने की व्यवस्था भी की जाये। कलेक्टर शहर में लगभग दो घण्टे से अधिक समय तक भ्रमण करते रहे। साथ ही रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को जाकर भी देखा। इस दौरान उनके साथ एसडीएम और नगर निगम के अधिकारी भी साथ थे। कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीत लहर को देखते हुये नगर निगम की टीमें शहर के ऐसे सभी क्षेत्रों का निरंतर निरीक्षण करेंगी,जहां पर खुले में सोने के लिये एकत्रित होते हैं जैसे फुटपाथ, रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड, खुले मैदान, पुल आदि के नीचे भी कई लोग सोये हुये मिलते हैं। ऐसे सभी लोगों को समझाइश दी जाये और उन्हें रैन बसेरों तक पहुंचाया जाये व ऐसे सार्वजनिक जगहों पर रैन बसेरों के पते भी प्रदर्शित हों, जिससे बाहर से आने वाले लोगों को ज्ञात हो कि रात्रि में सोने के लिये कहां जाना है। रैन बसेरों में पर्याप्त रोशनी, पीने का पानी और टायलेट की माकूल व्यवस्थायें हों। साथ ही सभी एसडीएम को भी निर्देशित कियाहै कि उनके क्षेत्रों के रैन बसेरों का निरंतर निरीक्षण करते रहे और रैन बसेरों में साफ-सफाई, पानी आदि की भी व्यवस्थायें देखें। शहर की सड़कों पर कलेक्टर ने भ्रमण करते हुये फुटपाथ पर सो रहे लोगो को समझाइश देकर रेन बसेरो में भेजा। कलेक्टर पी नरहरि प्रशासन और निगम की टीम के साथ रेलवे स्टेशन, शास्त्री ब्रिज, राजबाड़ा, किशनपुरा पुल और पहुंचे। लगभग दो दर्जन से अधिक लोगो को रेन बसेरो में भेजने की व्यवस्था के निर्देश दिए। निगम अधिकारियो को भी कल से व्यवस्था ठीक करने निर्देश दिए। कम्बल बाँट रहे युवाओ को भी श्री नरहरि ने समझाइश दी और कहा की वे अच्छे कार्य कि प्रशंसा करते है, पर वे कम्बल सड़को पर बाँटने के बजाय रेन बसेरो में जाकर बांटे। कलेक्टर पी. नरहरि के साथ एसडीएम श्री संदीप सोनी, श्री श्रंगार श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री चरणजीत सिंह हुड्डा और श्री डी डी शर्मा भी साथ थे।
इन्दौर कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने रात्रि में दो घण्टे सड़कों पर घूमकर फुटपाथ पर सो रहे लोगों को रैनबसेरा में भेजा