अशोकनगर | 14-जनवरी-2017 जरूरतमंद व्यक्तियों को अपनी जरूरतों से संबंधित निःशुल्क वस्तुएं उपलब्ध कराने की स्वयं सेवी व्यवस्था को आनंदम उत्सव अंतर्गत जिले में नेकी की दीवार का शुभारंभ मकर संक्राति के पवित्र त्यौहार पर कलेक्टर श्री बी.एस.जामोद द्वारा जिला मुख्यालय पर नगरपालिका परिसर में किया गया। आनंदम कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री जामोद ने जिलेवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की नई सोच के तहत गरीबों की मदद करने के लिए आनन्द उत्सव का कार्यक्रम का शुभारंभ 14 जनवरी को किया गया। यह कार्यक्रम आगामी 21 जनवरी तक चलेगा। शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के तहत इस व्यवस्था को आनंदम नाम दिया गया है। जिले में प्रत्येक तीन पंचायतों का क्लस्टर बनाकर पंचायत स्तर तक आनंद उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस नेकी की दीवार पर जिन लोगों के पास अतिरिक्त कपड़े, कम्बल, शाल एवं अन्य सामग्रियां हैं वे यहां पर रख जाएंगे और जिन्हें इसकी जरूरत हैं वे यहां से ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं। गरीबों की सेवा के लिए सभी लोग बढ-चढ़कर हिस्सा लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें। मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण आनंदम कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में दिए गए उद्बोधन का सीधा प्रसारण के माध्यम से आमजन को सम्बोधित किया। इसका सीधा प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर एल.ई.डी.के माध्यम से किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के भाषण को तल्लीनता के साथ सुना एवं देखा। नेकी की दीवार परिकल्पना का शुभारंभ नगर पालिका परिसर अशोकनगर में नेकी की दीवार की परिकल्पना साकार की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बी.एस.जामोद द्वारा फीता काटकर नेकी की दीवार का शुभारंभ किया। साथ ही उपस्थित वृद्धजनों एवं बच्चों को निःशुल्क कपड़े, कम्बल, टिफिन, गरम कपड़े, बर्तन तथा जूते-चप्पल वितरित किये। लड्डूओं का किया वितरण आनंद उत्सव कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर उपस्थित लोगों को मकर संक्रांति के त्यौहार के उपलक्ष्य में लड्डूओं का वितरण कर एक दूसरे को मकर संक्राति की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही जिले में आनंद उत्सव के सफल संचालन एवं जरूरतमंद लोगों को मदद दिए जाने का संकल्प लिया गया। रघुवंशी महिला संघ द्वारा सामग्री वितरित कार्यक्रम में रघुवंशी महिला संघ के तत्वावधान में गरीबों को कपड़े, बर्तन, स्कूल सामग्री नेकी की दीवार में उपलब्ध कराई जाकर जरूरतमंद लोगों को वितरित की गई। महिला संघ की महिलाओं द्वारा गरीबों को हर संभव मदद किए जाने हेतु आश्वस्त किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयकुमार सिंघई, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री जयमण्डल सिंह यादव, समाजसेवी श्री एस.एन.सक्सेना, श्री रामसेवक सोनी, श्री ओमप्रसाद, श्री हरवंश जुनेजा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री यू.एन.मिश्रा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री पी.के.सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री अरूण रघुवंशी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जरूरतमंद लोग उपस्थित थे।