राजगढ़ | प्रदेश के ऊर्जा, नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग मंत्री श्री पारस चन्द्र जैन द्वारा खुजनेर में 32,55,91 लाख रूपये की लागत के 132/33 केव्ही उपकेन्द्र का भूमिपूजन एवं शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर कार्य का शुभारंभ किया गया। इस उपकेन्द्र के पूर्ण होने पर खुजनेर सहित आस-पास के 218 ग्रामों के लगभग 4 लाख लोगों को गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर म.प्र. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री रघुनंदन शर्मा, क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर, राजगढ विधायक श्री अमर सिंह यादव, ब्यावरा विधायक श्री नारायण सिंह पंवार, खिलचीपुर विधायक श्री हजारी लाल दांगी, सारंगपुर विधायक श्री कुंवर कोठार, पूर्व मंत्री श्री बद्रीलाल यादव, नगर परिषद खुजनेर अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा, श्री केदार काका, कलेक्टर श्री तरूण कुमार पिथोडे, मुख्य अभियन्ता म.प्र. विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर श्री डी.सी. जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बडी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे। आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्री जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों-गरीबों की सरकार है। सरकार कृषि को लाभ का धंधा बनाने और 5 वर्ष में उनकी आय दोगुनी करने में सतत प्रयासरत है। प्रदेश में विद्युत की उपलब्धता मांग से अधिक है। विद्युत वितरण में कमियों को दूर करते हुए व्यवस्था सुदृढ की जा रही है ताकि सिंचाई में वृद्धि के साथ ही किसान भाईयों को निर्बाध विद्युत मिले। उन्होंने कहा कि अब 50 प्रतिशत के स्थन पर 40 प्रतिशत बकाया राशि जमा होने पर ट्रान्सफर बदलने तथा इसी प्रकार किसी ट्रान्सफारमर क्षेत्र में 75 प्रतिशत लोगों द्वारा बकाया जमा करने पर ट्रान्सफर बदलने हेतु आवश्यक संशोधन ऊर्जा विभाग द्वारा किए जा रहें हैं। इसी प्रकार तीन वर्ष पूर्व मृत अथवा ग्राम छोडकर जाने वाले लोगों के बकाया छोडने का भी संशोधन किया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियां नही उठानी पडे। उन्होंने विद्युत विभाग की बिलिंग समस्या से राहत दिलाने, फीडर सेपरेशन में गुणवत्ता की कमी पर कार्रवाई तथा सुठालिया में उपकेन्द्र स्थपित करने के लिए वित्तीय व्यवस्था करने का प्रयास करने की भी बात कही। कार्यक्रम में म.प्र. खादी ग्रामोद्योग बोर्ड उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री शर्मा, क्षेत्रीय सांसद श्री नागर, राजगढ विधायक श्री यादव, ब्यावरा श्री पंवार, खिलचीपुर श्री दांगी, सारंगपुर विधायक श्री कुंवर कोठार एवं पूर्व विधायक श्री बद्रीलाल यादव ने भी संबोधित किया तथा अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में विद्युत विभाग से संबंधित आवश्यकताएं एवं मांगे रखी। आयोजित कार्यक्रम का संचालन सांसद प्रतिनिधि श्री केदार काका ने किया।