मन्दसौर | 09-जनवरी-2017 कलेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने नगरीय निकाय के अंतर्गत अच्छे से अच्छे सार्वजनिक स्थान का चयन कर वहां नेकी की दीवार स्थापित करें। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर पालिका मंदसौर एवं जिले की अन्य सभी नगर परिषदों के सीएमओ से राज्य शासन के आनन्द विभाग के मंत्रालय द्वारा सुझाई गई नेकी की दीवार परिकल्पना का अक्षरशः पालन कर सुचित करने को कहा। उन्होने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इस नेकी की दीवार का व्यापक प्रचार प्रसार कराये ताकि यह आमजन के लिए उपयोगी साबित हो सके। मालूम हो कि नेकी की दीवार से आशय सार्वजनिक स्थान पर एक दीवार पर न्यूनतम सुविधाएं विकसित करना है, जिसमें लोग उनके घरों में उपलब्ध दैनिक उपयोग का ऐसा सामान या ऐसी कोई वस्तुएं, जो अब उनके लिए उपयोगी या आवश्यक नहीं रहीं, वहां छोड सकें तथा ऐसा कोई भी व्यक्ति जिसे उस सामान या वस्तु की आवश्यकता हो वह उसे उस दीवार से बिना किसी से पूछे ले जा सके, से है। यह देने (जॉय ऑफ गिविंग) और पाने (जॉय ऑफ गेनिंग) के आनन्द की परम अनुभूति है, जिसे नेकी की दीवार का नाम दिया गया है। यह नेकी की दीवार प्रदेश के सभी जिलों में एक जेसे स्वरूप् में स्थापित की जा रही है। इस नेकी की दीवार के सफल क्रियान्वयन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय सामाजिक व गैर शासकीय संगठनों को भी जोडा जायेगा।
सभी नगरीय निकायों में होगी नेकी की दीवार