पन्ना | 09-जनवरी-2017 गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के सदस्यों को गंभीर रोगों के उपचार के लिए राज्य बीमारी सहायता निधि से उपचार सहायता दी जाती है। इसमें जिला स्तर से 2 लाख रूपये तक की राशि कलेक्टर तथा 5 लाख रूपये तक की राशि प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर मंजूर की जाती है। जिले में वर्तमान वित्तीय वर्ष में 31 दिसंबर तक 132 रोगियों को चिन्हित बीमारियों के लिए उपचार सहायता दी गयी है। इन्हें चिन्हित अस्पतालों में उपचार कराने के लिए एक करोड 42 लाख 8 हजार रूपये की राशि मंजूर की गयी है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी ने बताया कि गरीब परिवारों के सदस्यों को राज्य बीमारी सहायता का लाभ दिया जा रहा है। जनसुनवाई में तथा जिला अस्पताल में उपचार सहायता के लिए आवेदन पत्र प्राप्त होते हैं। रोगियों की प्रारंभिक जांच के बाद निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र तैयार कराया जाता है। संबंधित चिन्हित अस्पताल द्वारा रोगी के उपचार के लिए दिए गए स्टीमेट के अनुसार उपचार सहायता मंजूर की जाती है। मंजूर की गयी राशि संबंधित अस्पताल को ई-पेमेन्ट के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। आवेदन प्रस्तुत करने के बाद अधिकतम तीन दिवसों में प्रकरण मंजूर कर दिया जाता है। इस योजना से लाभान्वित 132 रोगियों में केंसर, हृदय रोग, अस्थिबाधित, किडनी संबंधी रोग तथा मस्तिष्क संबंधी रोगी शामिल है।