नरसिंहगढ़ ( रिपोर्टर हरि ॐ जाटव ) कोरोना संक्रमण काल के दौरान जहां प्रत्येक व्यक्ति अपनी इम्यूनिटी पावर बढ़ाना चाहता है और स्वस्थ रहना चाहता है वही जेल में निरूद्ध बंदियों के न्यायालय में लंबित मुकदमों में सुनवाई नहीं होने व परिवार जन से मुलाकात नहीं होने से अवसादग्रस्त हो रहे हैं। उनके मानसिक तनाव को दूर करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश/ अध्यक्ष महोदय श्रीमान प्रभात कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा फारूक अहमद सिद्दीकी जिला विधिक सहायता अधिकारी राजगढ़ के नेतृत्व में आज दिनांक 9 मई 2021 को प्रातः 8:00 बजे से जिला जेल राजगढ़ एवं उप जेल सारंगपुर एवं नरसिंहगढ़ में वर्चुअल जागरूकता सह योगा एवं मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। उक्त शिविर में योग प्रशिक्षिका श्रीमती संध्या टेलर एवं योग प्रशिक्षक श्री लाल सिंह लोधा ने बताया कि प्रतिदिन योग एवं व्यायाम के माध्यम से मानसिक तनाव दूर कर शरीर को हष्ट पुष्ट बनाया जाकर तमाम बीमारियों से बचा जा सकता है साथ ही मानसिक तनाव को दूर करने के लिए कई प्रकार की योग क्रियाएं, प्राणायाम तथा अन्य व्यायाम भी बताएं। जेल में निरुद्ध सभी महिला एवं पुरुष बंदियों ने ऑनलाइन माध्यम से आयोजित शिविर में प्रशिक्षक को देखकर योग, व्यायाम किए। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारुक अहमद सिद्दीकी ने जेल बंदियों को प्रतिदिन इसी प्रकार योग एवं व्यायाम करने की सलाह दी तथा मानसिक तनाव को दूर करने का उचित माध्यम बताया साथ ही बंदियों से उनकी समस्याएं सुनी। इस अवसर पर जिला जेल राजगढ़ के सहायक जेल अधीक्षक श्री प्रवीण मालवीय एवं उप जेल नरसिंहगढ़ के सहायक जेल अधीक्षक श्री योगेश शर्मा, उप जेल सारंगपुर के सहायक जेल अधीक्षक श्री संजय शर्मा एवं अन्य जेल स्टाफ ने भी शिविर में भाग लेकर सहभागिता की ।