भोपाल: मध्य प्रदेश में अभी EVM को लेकर विवाद ठंडा भी नहीं हुआ कि अब पोस्टल बैलेट भी सवालों के घेरे में आ गए हैं. कांग्रेस का आरोप है कि भोपाल में पुलिस मुख्यालय के साथ बने होमगार्ड की कैंटीन और उसके आसपास पोस्टल बैलेट लावारिस हालत में मिले.

         कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने होमगार्ड शाखा परिसर में जाकर लावारिस पड़े पोस्टल बैलेट का वीडियो भी बनाया जो बाद में वायरल हो गया है. कांग्रेस के मुताबिक मंगलवार शाम को भोपाल दक्षिण पश्चिम से उसके प्रत्याशी पीसी शर्मा को किसी ने इसके बारे में खबर दी जिसके बाद कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता होमगार्ड शाखा पहुंचे और देखा कि कुछ पोस्टल बैलेट कैंटीन में तो कुछ कैंटीन के बाहर पड़े हुए है.

         कार्यकर्ताओं ने इसका वीडियो भी बनाया. शाम को कांग्रेस प्रत्याशी पीसी शर्मा कुछ कार्यकर्ताओं के साथ होमगार्ड शाखा पहुंचे और आला अफसरों से इस बारे में बात की. अफसरों ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि कई जवान अभी दूसरे राज्य में चुनाव ड्यूटी पर गए हैं, ऐसे में लावारिस मिले डाक मत पत्र इनके लिए ही आए हों इसकी संभावना हो सकती है. लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए वो इसकी जांच करवाएंगे.

        बता दें कि भोपाल जिले की सात विधानसभा सीटों पर पोस्टल बैलेट से वोटिंग के लिए पुलिस मुख्यालय में ही एक पोलिंग बूथ बनाया गया था जहां 18 नवंबर को चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसवालों ने पोस्टल बैलेट के ज़रिए वोटिंग की थी.