होशंगाबाद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका दास ने विधानसभा निर्वाचन 2018 के लिए निर्धारित मतगणना केन्द्र शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय होशंगाबाद का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्ट्राँग रूम में लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज देखी तथा ड्यूटी पर उपस्थित कर्मयारियों को फुटेज की ध्यानपूर्वक निगरानी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने वीवीपैट पर्चियों की गणना का डेमो भी देखा। बताया गया कि मतगणना के लिए बनाये गये हॉल में टेबलो के आसपास जालियाँ लगाई जायेंगी। मास्टर ट्रेनर पंकज दुबे ने बताया कि मतगणना के पश्चात प्रत्येक विधानसभा से एक बूथ को लॉटरी द्वारा चुनकर इस बूथ की वीवीपैट की पर्चियों की गणना की जायेगी तथा परिणाम का मिलान कंट्रोल यूनिट के परिणाम से किया जायेगा।

             मतदान केन्द्र का चयन करने के लिए प्रेक्षकों एवं प्रत्याशियों के समक्ष सभी मतदान केन्द्रों के नंबर की पर्चियाँ एक कंटेनर में डाली जायेगी। सभी के समक्ष रिटर्निंग अधिकारी के द्वारा कोई एक पर्ची उठाई जायेगी। पर्ची में जिस मतदान केन्द्र का नंबर होगा उसी केन्द्र की वीवीपैट को गणना के लिए लाया जायेगा। वीवीपैट से सारी पर्चियों को निकालकर एक प्लास्टिक बॉक्स में डाला जायेगा। इसके बाद गणना सहायक एवं सुपरवाइजर गणना के लिए पिजन होल बॉक्स में इन पर्चियों को अलग.अलग खाने में रखेंगे। प्रत्येक खाने पर उम्मीदवार का चुनाव चिन्ह अंकित होगा जिसके अनुसार पर्चियाँ रखी जायेगी। सभी पर्चियाँ खानों में रखने के बाद 25.25 पर्चियों के बंडल बनाकर इनकी गणना की जायेगी। यह संपूर्ण प्रक्रिया प्रेक्षकों एवं प्रत्याशियों अथवा उनके द्वारा अधिकृत एजेंट्स के समक्ष की जायेगी। संपूर्ण प्रक्रिया के बाद गणना के लिए निकाली गई वीवीपैट की सीलिंग पुनरू सभी की उपस्थिति में की जायेगी। 
            कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोकनिर्माण विभाग को निर्देशित किया कि वे 8 दिसम्बर तक सभी मतगणना हॉल को पूर्णत: तैयार कर ले। उन्होंने कहा कि अन्य अधिकारी भी सौंपी गई जिम्मेदारियों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं मतगणना केन्द्र पर कराना सुनिश्चित करे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर केडी त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।