होशंगाबाद : जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुगम और पारदर्शी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका दास ने जिले के नागरिको, मतदाताओं, सुरक्षा बलों सहित सभी मतदान कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
कलेक्टर श्रीमती दास ने विधानसभा निर्वाचन कार्य से संबंद्ध प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, जिला अधिकारियों, मतदान दल कर्मियों, लिपिकों, भृत्यों और वाहन चालको के सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी शासकीय कर्मियों की लगन, निष्ठा और कडी मेहनत की बदौलत जिले के सभी मतदान केन्द्रों में शांति पूर्ण मतदान संपन्न हुआ।
कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन की आचार संहिता लगने के पहले से जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों ने निर्विघ्न चुनाव कार्य संपन्न कराने हेतु जो मेहनत की थी आज वह फलीभूत हुई है। कलेक्टर ने इसके लिए सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य के कव्हरेज में सहयोग प्रदान करने के लिए जिले के सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों एवं राजनैतिक दलों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।