राजस्थान : विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया. जयपुर के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जारी किए गए घोषणा पत्र में कई लुभावने वादे किए गए हैं जिसमें लड़कियों को मुफ्त शिक्षा देने और बुजुर्ग किसानों को घर बैठे पेंशन दिया जाने का वादा किया है.
कांग्रेस ने घोषणा पत्र में राजस्थान से वादा किया है कि उसकी सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ करेगी. साथ ही कृषि उपकरणों को जीएसटी से बाहर किया जाएगा. इसके अलावा बुजुर्ग किसानों को घर बैठे पेंशन की सुविधा भी दी जाएगी. घोषणा पत्र में गोचर भूमि बोर्ड बनाने का प्रावधान किया जाएगा. घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि हर व्यक्ति को मुफ्त में स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए राइट टू हेल्थ कानून लाया जाएगा.
अशोक गहलोत के साथ घोषणापत्र जारी करते हुए सचिन पायलट ने कांग्रेस की ओर से कई बड़े ऐलान करते हुए कहा कि किसानों और युवाओं के लिए अलग से आयोग बनेगा. किसानों के लिए खेती से जुड़े उपकरणों को जीएसटी से बाहर रखा जाएगा. साथ ही सरकारी भूमि जो कि गांव में गोचर भूमि कहलाती है, इसके लिए राजस्थान में एक बड़ा विवाद रात बना रहता है उसके लिए भी अलग से गोचर भूमि बोर्ड बनाया जाएगा.