शराबखोरी का अड्डा बनचुकी जिला जेल से सनसनी खेज वीडियो वायरल होते ही रविवार रात डीएम संजय खत्री और एसपी सुजात सिंह ने रात में ही जेल पहुंचकर छापेमारी करके मौके से तमाम वर्जित सामग्री बरामद की है । डीएम और एसपी जेल के अंदर ब्रांडेड शराब,चखने के साथ शराबखोरी और तमाम व्यवस्था देखकर भौंचक्के रह गए । मामले को लेकर नगर कोतवाली में 4 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण रजिस्टर्ड हुआ है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक प्रमोद शुक्ला एवं ड्यूटी पर तैनात गोविन्द राम वर्मा,रामचंद्र तिवारी, लालता उपाध्याय, शिवमंगल सिंह और गंगाराम को सस्पेंड किया गया है।
आपको बता दें कि जिला जेल के बैरक नम्बर 10 में स्थानीय कर्मचारी और अधिकारियों की सांठगांठ से लूट के आरोप में बंद आशु दीक्षित जेल में रुपये और शराब मंगवाता था। सूत्रों का कहना है कि आशु दीक्षित इलाहाबाद, प्रतापगढ़,लखनऊ, सीतापुर,लखीमपुर में लूट और हत्या की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। सूत्रों के मुताबिक आशु दीक्षित का नाम छात्र नेता विनोद त्रिपाठी के मर्डर को लेकर सामने आया था ।
इधर कोतवाली पुलिस का कहना है कि जेल प्रशासन की सूचना पर आरोपियों के पास से 4 मोबाइल और एक सिमकार्ड मिलने की बात सामने आ रही है। चार आरोपी बताये जा रहे हैं जबकि वायरल वीडियो में पांच लोग बताये जा रहे हैं। पूरे मामले को लेकर जेल प्रशासन के जिम्मदार कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
जेल विभाग के आला अधिकारी का कहना है कि जेल में मिलीभगत के चलते गंभीर लापरवाही उजागर होते ही वरिष्ठ जेल अधीक्षक प्रमोद शुक्ला समेत 6 को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही आरोपियों को जिला जेल से हटाकर दूसरी जेल में रखा गया है।