सेवड़ा में पार्टी प्रत्याशी परिणिता राजे के समर्थन में दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री ने की विशाल जनसभा

सेवड़ा: प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की भ्रष्ट व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है। पिछले 15 सालों में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की व्यवस्था चरमराई है। कई दशकों तक प्रदेश में काबिज रहीं दोनों दलों कांग्रेस और भाजपा की सरकारों ने प्रदेश की जनता को सिर्फ लूटा ही है। जितनी लूट आजादी से पहले गौरे अंग्रेजों ने 200 सालों में इस देश में नहीं की, उससे कहीं ज्यादा आजादी के 7़1 सालों में इन दोनों दलों ने इस देश को लूटा है। यह बात रविवार को दतिया जिले के सेवड़ा में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने आम आदमी प्रत्याशी परिणिता राजे के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभा में कही। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव एवं ग्वालियर जोन के प्रभारी हिमांशु कुलश्रेष्ठ भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी सभा को संबोधित किया।

श्री राय नेे कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने इतने कम समय में जनता के लिए बुनियादी स्तर पर काम किए हैं उतने काम प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान की सरकार 15 साल में भी नहीं कर सकी है। मध्यप्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष एवं पंचायत के अध्यक्ष रहे हैं लेकिन किसी ने भी जनता की बुनियादी सुविधाओं शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार की दिशा में कोई काम नहीं किया है। यह सरकार किसान हितैषी कम किसान विरोधी अधिक साबित हुई है। भाजपा छल-बल से ये चुनाव जीतना चाहती है इसलिए वह अपनी पार्टी से परिणिता राजे के भाई को मैदान में लाई है, ताकि वह चुनाव न जीत सके।

श्री राय नेे सभा में मौजूद मतदाताओं को आगाह किया कि वे किसी भी दल के दबाव या प्रलोभन से दूर रहें और इस भ्रष्ट व्यवस्था से मुक्ति पाने के लिए अपने विवेक से स्वच्छ व ईमानदार छवि वाले प्रत्याशी को अपना जनप्रतिनिधि चुनें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इसके विकल्प के रूप में जनता के सामने है। हम यहां वोट बैंक या पॉवर पॉलिटिक्स के लिए नहीं, बल्कि देश की राजनीति बदलने आए हैं। इसलिए जनता को सेवड़ा सहित प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाना चाहिए। तभी वह इस भ्रष्ट व्यवस्था से मुक्ति पा सकेगी।

उन्होंने कहा कि यदि जनता चाहती है कि मध्यप्रदेश में भी इस तरह की बुनियादी सुविधाएं मिलें और रोजगार की दिशा में अच्छे कदम उठाए जाएं तो इसके लिए बदलाव जरूरी है। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार और बेईमानी का कचरा और गंदगी फैली है और इस कचरे को साफ करने के लिए अपने हाथ में ईमानदारी की झाड़ू उठाना होगी। मध्यप्रदेश हिन्दुस्तान का दिल है और जब दिल साफ होगा तो देश भी साफ होगा। इसके लिए आपके पास एक अच्छा मौका है 28 नवंबर को मतदान का। आपके क्षेत्र से आपकी बेटी इस चुनाव में आपके हक की लड़ाई लड़ रही है। इस दिन जब वोट करने जाएं तो झाड़ू के बटन को दबाकर अपने प्रतिनिधि के रूप में पार्टी के स्थानीय व जझारू प्रत्याशी परिणिता राजे को भारी बहुमतों से विजयी बनाएं।

जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी परिणिता राजे ने क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि अगर उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना गया तो वह इस विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने के लिए दिनरात एक कर देंगी। इसके लिए उन्होंने इस क्षेत्र की जनता से भरपूर समर्थन मांगा। सभा में मौजूद जनसमूह ने भी अपने हाथ उठाकर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी परिणिता राजे को समर्थन और आशीर्वाद देने का वादा किया। सभा के दौरान सेवड़ा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी परिणिता राजे सहित पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसभा को सुनने के लिए बड़ी तादाद में नागरिक मौजूद थे।

मीडिया सेल

आम आदमी पार्टी, मध्य प्रदेश