बुधनी : पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और बुदनी से कांग्रेस के प्रत्याशी अरुण यादव की शिकायत की जांच होगी। यादव ने पिछले चुनाव में 63 मतदान केंद्रों में चंद वोटों को छोड़कर सभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को मिलने की जांच कराने की मांग उठाई थी।
साथ ही पूरे क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करने के साथ विशेष पर्यवेक्षक तैनात करने के लिए कहा है। वहीं, भिंड और मुरैना से संवेदनशील केंद्रों की वेबकास्टिंग बढ़ाने की मांग आई है। मतदान का समय नजदीक आते ही ज्यादा से ज्यादा मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित करने की मांग उठने लगी है। इसमें प्रत्याशियों के साथ प्रशासन भी शामिल हैं। भिंड और मुरैना क्षेत्र से प्रशासन ने वेबकास्टिंग वाले मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इस बार 16 हजार केंद्रों की वेबकास्टिंग व सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखने की तैयारी की है। वहीं, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि बुदनी क्षेत्र को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी ने शिकायत की थी, जिसकी जांच के लिए कलेक्टर को बोला गया है। यदि संवदेनशील केंद्र बढ़ाने की जरूरत महसूस होती है तो संख्या बढ़ाई जा सकती है।