मुंबई : अयोध्या में राम मंदिर बनाने को लेकर शिवसेना ने एक बार फिर बीजेपी पर हमला बोला है. शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बीजेपी को 'कुंभकरण' बताते हुए कहा कि उसे उठकर अयोध्या में राम मंदिर बनाने की जरूरत है.
उद्धव ठाकरे ने कहा कि जो राम नाम का लेकर सत्ता में आए वो अब पिछले 4 साल से सोए हुए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता का लाभ उठा रही है, जबकि भगवान अब भी निर्वासन में रह रहे हैं. अब हर हिंदू कह रहा है 'पहले मंदिर फिर सरकार.'
ठाकरे ने कहा कि जब बाबरी मस्जिद ढहाई गई थी, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव ने कहा था कि उत्तर प्रदेश की सरकार और बीजेपी ने विश्वासघात किया है. अब 25 वर्ष बीत चुके हैं और अब तक राम मंदिर नहीं बनवाकर हमें धोखा दिया गया है. हर चुनाव में राम मंदिर का वचन दिया गया, लेकिन राम मंदिर वालों की सत्ता केंद्र और उत्तर प्रदेश में आने के बावजूद राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाया. प्रभु रामचंद्र अपनी ही अयोध्या में वनवासी बन गए.