भोपाल : वोट के लिए कुछ भी करेगा की तर्ज पर भोपाल में कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले विधानसभा क्षेत्र भोपाल- उत्तर में रोड शो करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जीतने पर मुस्लिम को मंत्री बनाऊंगा l
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार शाम भोपाल में कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले भोपाल उत्तर विधानसभा में रोड शो किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर दोबारा जीते तो मुस्लिम को मंत्री बनाऊंगा l
बता दें कि भोपाल उत्तर विधानसभा में बीजेपी ने मध्य प्रदेश की इकलौती मुस्लिम प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी को टिकट दिया है, जिनका मुकाबला कांग्रेस के आरिफ अकील से है. अकील यहां से विधायक हैं. ऐसे में कांग्रेस के गढ़ में शिवराज के रोड शो को सफल बनाने के लिए बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है l
प्रचार के दौरान एक रथ पर शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी भी थीं. शिवराज ने इस दौरान कहा कि यदि फिर से उनकी सरकार बनी तो उनकी कैबिनेट में एक मुस्लिम चेहरा होगा और इसी को ध्यान में रखते हुए फातिमा को टिकट दिया गया है l
शिवराज सिंह चौहान का रोड शो डीआईजी बंगले से शुरू हुआ. रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत हुआ. रोड शो के दौरान महापौर आलोक शर्मा और प्रत्याशी फातिमा रसूल सिद्दीकी भी मुख्यमंत्री के साथ थे l इस दौरान मुख्यमंत्री ने कबीटपुरा तिराहे पर नुक्कड़ सभा भी ली l