राजस्थान : सत्ता वापसी के लिए जूझ रही भाजपा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस ने वसुंधरा को उनके गढ़ में ही घेरने के लिए भाजपा छोड़ कर पार्टी में शामिल हुए पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र मानवेंद्र सिंह को उनके सामने झालावाड़ जिले की झालरापाटन सीट से उतार दिया है। मानवेंद्र बाड़मेर से सांसद और पिछले चुनाव में जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जा चुके हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जसवंत सिंह का टिकट काटकर कांग्रेस छोड़ पार्टी में शामिल हुए कर्नल सोनाराम को बाड़मेर से उतारा था। मानवेंद्र तभी से भाजपा, खास तौर से वसुंधरा से नाराज चल रहे थे। पिछले महीने उन्होंने ‘कमल का फूल, हमारी भूल’ का नारा देते हुए कांग्रेस का हाथ थाम लिया था।
            मानवेंद्र सिंह जैसे दिग्गज नेता को वसुंधरा के सामने उतारने के पीछे कांग्रेस की यह रणनीति बताई जा रही है, कि वसुंधरा अपने क्षेत्र में ही फंस कर रह जाएं। वह दूसरे क्षेत्रों में प्रचार के लिए कम से कम जा पाएं। दूसरे, मानवेंद्र सिंह राजपूत समाज से और जसोल ठिकाने से संबंध रखते हैं। इसका फायदा यह हो सकता है, कि वे राजपूत समाज के काफी वोट अपनी ओर खींच सकते हैं।

            बतादें कि कांग्रेस ने मुख्यमंत्रियों को अपने ही क्षेत्र में घेरने की अपनी इसी रणनीति के तहत मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान के सामने अरुण यादव और छत्तीसगढ़ में रमनसिंह के सामने अटलबिहारी वाजपेई की भतीजी करुना शुक्ला को टिकट दिया है l