छिन्दवाड़ा : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वेद प्रकाश तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नोडल अधिकारी स्वीप ऋषि गर्ग के मार्गनिर्देशन में शासकीय कला पथक दल द्वारा गत दिवस कम मतदान प्रतिशत वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र छिन्दवाड़ा के मतदान केन्द्र खजरी और कुकड़ा जगत तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र परासिया के ग्राम दीघावानी और ग्राम झुर्रेमाल के बाघबर्दिया रोड पर गाडरीदेव मेला में प्रचार रथ के माध्यम से मतदाताओं के बीच सघन जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करने के प्रति प्रेरित किया गया।

             ग्राम झुर्रेमाल के गाडरीदेव मेला में लगभग 20 गांव के ग्रामीण मतदाताओं ने जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शासकीय कला पथक दल के प्रमुख कलाकार नरेन्द्र पाल ने बताया कि दल द्वारा फ्लैक्स, बैनर, पोस्टर, सी.डी., मतदाता जागरूकता गीत, नारे के साथ ही नुक्कड़ सभा, वार्तालाप, चौपाल कार्यक्रम, शपथ दिलाना, संकल्प पत्र भरवाना, हस्ताक्षर अभियान आदि गतिविधियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया जिससे अधिक से अधिक मतदाता जागरूक हो सके। कार्यक्रमों में मतदाताओं से स्वयं अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ ही अपने भाई, दोस्त, पड़ोसी, अन्य रिश्तेदारों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की गई तथा दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को लाने-ले जाने और मतदान के कार्य में हर संभव सहायता करने का अनुरोध किया गया।